
कटघोरा:( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) : कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तानाखार से बरतराई मार्ग पर बेखौफ बदमाशों द्वारा राहगीरों के साथ लूटपाट और जानलेवा हमले की गंभीर वारदात सामने आई है। बदमाशों ने न सिर्फ एक परिवार को रोककर बेरहमी से लाठी-डंडों से पीटा, बल्कि उनके मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा। इस खौफनाक वारदात के बाद से आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल है

दस्तावेजी काम निपटाकर लौट रहा था पीड़ित
पीड़ि शिवराम (निवासी ग्राम बरतराई) अपनी पत्नी सुनीता और छोटे बच्चों के साथ कटघोरा से अपने बच्चे के दस्तावेज का काम कराकर घर लौट रहे थे। रास्ते में रुकने के दौरान घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने अचानक उन्हें घेर लिया और पैसों की मांग करने लगे।
सिर पर लगे 12 टांके, मासूम बच्चों के बांधे हाथ-पैर
पैसे न होने की बात कहने पर बदमाशों ने वहशियाना तरीके से हमला कर दिया। बदमाशों ने लाठी-डंडों और घूंसों से शिवराम पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनके सिर, कमर और जांघ पर गंभीर चोटें आईं। हमले में उनके सिर पर लगभग 12 टांके आए हैं।
हद तो तब हो गई जब बदमाशों ने चीख-पुकार रोकने के लिए छोटे-छोटे बच्चों के हाथ-पैर और मुंह तक बांध दिए। इसके बाद महिला के साथ मारपीट करते हुए उसके पहने हुए जेवर—पायल, माला और फुल्ली जबरन लूटकर फरार हो गए।
ग्रामीणों में आक्रोश और भय वारदात के बाद घायल को अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया और घटना की सूचना पुलिस थाने में दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन राहगीरों के साथ लूट और मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों का इस रास्ते से गुजरना दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में कड़ी गश्त की मांग की है।