कोरबा में कमेंट को लेकर किन्नरों और पिता-पुत्र के बीच खूनी संघर्ष: चाकू-डंडे चले, लात-घूंसों का वीडियो वायरल; पुलिस ने दर्ज किया काउंटर केस

​

कोरबा/सेन्ट्रल छत्तीसगढ़:जिले के दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत दीपका चौक पर दिनदहाड़े खूनी संघर्ष का सनसनीखेज मामला सामने आया है। संजय पान पैलेस के सामने कमेंटबाजी को लेकर किन्नरों और पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। लगभग 10 मिनट तक चले इस उपद्रव में चाकू और डंडे चले, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच सड़क पर हुई मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

​बधाई मांगने के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, किन्नर समाज के लोग दीपका क्षेत्र में ढोलक बजाकर दुकानों से नेग (बधाई) मांग रहे थे। इसी दौरान दीपका चौक स्थित संजय पान पैलेस के पास किसी बात पर की गई टिप्पणी को लेकर किन्नरों और वहां मौजूद लोगों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष हाथापाई पर उतर आए।

​चाकू और डंडे से हमला, पिता-पुत्र घायल

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान केजे सिंह कंपनी में कार्यरत पंकज सिंह पर किन्नरों ने डंडे और धारदार चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। पिता पर हमले की खबर मिलते ही उनका बेटा प्रतीक सिंह मौके पर पहुंचा, जिसके साथ भी आरोपियों ने जमकर मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 10 मिनट तक बीच सड़क पर जमकर लात-घूंसे चले और हथियार लहराए गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

​पुलिस ने दर्ज किया काउंटर केस

मामले की सूचना मिलते ही दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दीपका थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो तथा साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।