
पाली (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) हिमांशु डिक्सेना।कोरबा-बिलासपुर मार्ग पर पाली के पास आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक और शिव ट्रेवल्स की बस के बीच इतनी जबरदस्त भिड़ंत हुई कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस चालक केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से बचाई जान
हादसे की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस तत्काल दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। स्थानीय नागरिकों और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी मशक्कत के बाद बस के केबिन में फंसे ड्राइवर को सुरक्षित (सकुशल) बाहर निकाला। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से ड्राइवर की जान बच सकी।
40-50 यात्री थे सवार, सामने बैठे लोगों को आई ज्यादा चोटें
मिली जानकारी के अनुसार, शिव ट्रेवल्स की यह बस कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। हादसे के वक्त बस में लगभग 40 से 50 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के सामने वाले हिस्से में बैठे लगभग 12 यात्रियों को चोटें आई हैं, जबकि एक दर्जन से अधिक अन्य यात्री भी इस हादसे में घायल हुए हैं।
108 एम्बुलेंस से अस्पताल रवाना, उपचार जारी
घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन की सहायता से सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पाली पहुँचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ द्वारा सभी घायलों का त्वरित उपचार किया जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जाँच शुरू कर दी है और मार्ग पर यातायात को सुचारू कराया गया है।