
शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण हेतु सौंपे ज्ञापन,बीईओ ने समाधान का दिया आश्वासन
सेंट्रल छत्तीसगढ़ (विनोद उपाध्याय) पाली/हरदीबाजार..छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष मनोज चौबे के गरिमामय उपस्थित एवं पाली ब्लाक के अध्यक्ष नागेंद्र मरावी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विकास खण्ड पाली में नव पदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुम्देश गोभिल से सौजन्य मुलाकात कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शिक्षकों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा तथा उनके निराकरण हेतु विस्तारपूर्वक चर्चा की।
स्कूल शिक्षा विभाग की योजनाओं का क्रियान्वयन में शिक्षकों की सहभागिता शिक्षा गुणवत्ता हेतु समर्पित होकर कार्य करने की बात कही गई।
प्रतिनिधिमंडल ने विकासखंड पाली के शिक्षकों की लंबित समस्याओं जैसे वेतन संबंधी प्रकरण, अवकाश स्वीकृति, सेवा पुस्तिका संधारण, पदोन्नति, समयमान वेतनमान, एरियर्स, स्थानांतरण से जुड़े विषय,कोष लेखा एवं पेंशन कार्यालय से सर्विस बुक का सत्यापन, अवकाश लेखा,उच्च योग्यता को इंद्राज,जनगणना ड्यूटी का अर्जित अवकाश इंद्राज, मुख्यालय में रहने के आदेश का सेवा पुस्तिका में इंद्राज करने, निधन एवं सेवा निवृत्त हुए शिक्षकों के स्वत्वों का भुगतान करने, एकल शिक्षकीय स्कूलों में अध्यापन व्यवस्था करने,ऑनलाइन कार्यों में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों तथा विद्यालयों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। एसोसिएशन ने शिक्षकों के हितों से जुड़े मामलों का त्वरित निराकरण करने की मांग भी रखी।
नव पदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना तथा आश्वस्त किया कि शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण हेतु प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार एवं शिक्षकों के कार्यों को सुगम बनाने के लिए प्रशासन और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने शिक्षकों की जायज समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान करने का भरोसा दिलाया।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी के सकारात्मक एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण होगा तथा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहयोग मिलेगा।
सौजन्य भेंट के दौरान एसोसिएशन के विभिन्न पदाधिकारी एवं शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने नव पदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
सी आई आई फाउंडेशन न्यू दिल्ली भारत द्वारा शिक्षा के विविध क्षेत्रों में नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्य करने हेतु छत्तीसगढ़ से श्रीमती निर्मला शर्मा को सम्मानित किया गया है। जो पाली कोरबा सहित छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है इसी क्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा श्रीमती निर्मला शर्मा को बधाई एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने शुभकामनाएं दिया गया।
प्रतिनिधि मंडल में प्रमुख रूप से मनोज चौबे जिला अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल जिला मीडिया प्रभारी, नागेंद्र मरावी ब्लाक अध्यक्ष, बुद्धेश्वर सोनवानी,संतोष यादव, ओमप्रकाश खांडे,श्रीमती निर्मला शर्मा, श्रीमती स्मृति मिश्रा,सत्य प्रकाश खांडेकर, रवि चंद्रा, मानिक राम कहरा, प्रताप राजपूत, रमेश जांगड़े, शंकर दास मानिकपुरी, उदय शंकर राजवाड़े, सुरेंद्र जायसवाल, भरत लाल डिक्सेना, प्रशांत सोनी,अशोक भारद्वाज आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
