तेलीबांधा चौक पर विष्णु भैया का बड़ा बयान, नाम नहीं बदलेगा ; 38 जगहों पर बनेगा ‘सेवा ज्योति संकल्प’

रायपुर। तेलीबांधा चौक के नाम को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अब तस्वीर साफ कर दी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि तेलीबांधा चौक का नाम बदला नहीं जा रहा है। चौक की मौजूदा पहचान और मूल स्वरूप को बरकरार रखते हुए इसे ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

नाम बदलने की चर्चा के बाद आया स्पष्टीकरण

दरअसल, 7 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 38 प्रमुख स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा की थी। इसमें तेलीबांधा चौक भी शामिल है। इसके बाद चौक का नाम बदले जाने की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।

मामला तूल पकड़ने के बाद मुख्यमंत्री की ओर से स्पष्ट किया गया कि तेलीबांधा चौक का नाम बदलने की बात नहीं है। इसे केवल सेवा ज्योति संकल्प की भावना के अनुरूप विकसित किया जाना है।

CM साय का संदेश:
तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा। चौक के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ नहीं होगी, बल्कि इसे सेवा ज्योति संकल्प की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

38 स्थानों को मिलेगा नया विकास स्वरूप

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों सहित कुल 38 महत्वपूर्ण स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की बात कही है। सरकार के अनुसार इन चौकों को जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकास के संकल्प के प्रतीक के तौर पर विकसित किया जाएगा।

रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व भी किया। यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची। इसके साथ युवाओं की बाइक रैली भी निकाली गई।

पीएम मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल से जुड़ा अभियान

‘सेवा ज्योति संकल्प’ कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों का हिस्सा है। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर को सेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ते हुए नागरिकों से विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी की अपील की।

सोशल मीडिया पोस्ट में भी CM साय का संदेश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर भी ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को लेकर संदेश साझा किया है। पोस्ट में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा-संकल्प को प्रेरणादायी यात्रा बताते हुए इसे गांव, गली और हर घर तक पहुंचाने वाले जनआंदोलन से जोड़ा है।

अब नाम नहीं, विकास पर जोर

तेलीबांधा चौक को लेकर मुख्यमंत्री के स्पष्टीकरण के बाद फिलहाल सबसे महत्वपूर्ण बात यही है कि चौक की पुरानी पहचान बरकरार रहेगी। वहीं ‘सेवा ज्योति संकल्प’ के तहत इसका विकास किस स्वरूप में किया जाएगा, यह आगे सामने आएगा। प्रदेश के अन्य 37 स्थानों के साथ तेलीबांधा चौक को भी इस अभियान से जोड़ा गया है।