जशपुर के गांव घुईटांगर से निकलकर एशियन गेम्स तक का सफर तय करने वाले एथलीट अनिमेष कुजूर ने अपनी उपलब्धि से छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। एशियन गेम्स 2026 की 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के बाद अनिमेष ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
41.06 सेकंड का प्रदर्शन, राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में भारतीय टीम ने 41.06 सेकंड का समय दर्ज किया और कांस्य पदक हासिल किया। टीम के इस प्रदर्शन से राष्ट्रीय रिकॉर्ड में भी सुधार हुआ। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुईटांगर के निवासी अनिमेष की यह उपलब्धि ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को लेकर नई उम्मीद जगाती है।
CM साय ने खेल यात्रा के बारे में जाना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अनिमेष कुजूर से उनके प्रशिक्षण, खेल यात्रा और एशियन गेम्स में मिले अनुभवों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिमेष ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो खेलों में अपना करियर बनाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि छोटे गांवों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतना बताता है कि प्रतिभाओं को सही अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।
ग्रामीण खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। राज्य सरकार की कोशिश है कि इन खिलाड़ियों की पहचान शुरुआती स्तर पर हो और उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि प्रदेश के खिलाड़ी देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
माता-पिता भी रहे मौजूद
मुलाकात के दौरान अनिमेष कुजूर ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए लगातार मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर अनिमेष के पिता अमृत कुजूर, माता रीना कुजूर, एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारी और खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जशपुर के इस खिलाड़ी की उपलब्धि ने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के सामने मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया है।