छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक पल ! राष्ट्रपति मुर्मु ने माता हासी देवी जी के सम्मान में जारी किया 200 रुपये का स्मारक सिक्का

रायपुर। पूज्य माता हासी देवी जी की 200वीं जयंती पर राजधानी रायपुर में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 22 अक्टूबर 2026 को लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उपस्थित रहे।

माता हासी देवी जी की स्मृति को मिला राष्ट्रीय सम्मान

पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी जी की 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय ने यह स्मारक सिक्का जारी किया। यह अवसर सिंधी समाज के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। देश और विदेश में रहने वाले सिंधी समाज के लोगों के लिए यह सम्मान उनकी आध्यात्मिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण पड़ाव है।

सिक्के पर अंकित है माता हासी देवी जी की छवि

विशेष स्मारक सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी जी की छवि अंकित की गई है। सिक्के के दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस पहल का उद्देश्य माता हासी देवी जी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्रहकर्ता शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से स्मारक सिक्के की बुकिंग कर सकेंगे।

संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने दिया स्वागत उद्बोधन

कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य और देशभर से आए सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

माता हासी देवी जी की 200वीं जयंती पर स्मारक सिक्का जारी किया जाना उनकी आध्यात्मिक विरासत और समाज के प्रति योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।