भंडारपुरी धाम में विकास की सौगात, 29 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन; 40 जगह बनेंगे जैतखाम, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की चार विकास कार्यों की घोषणा, स्कूल भवनों और नगर पंचायत कार्यालय के निर्माण के लिए भी मिलेगी राशि

रायपुर। भंडारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विकास कार्यों की सौगात देते हुए करीब 29 करोड़ रुपये की लागत वाले तीन सड़क निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने और स्कूल भवनों सहित अन्य निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री आरंग विकासखंड स्थित सतनाम पंथ के प्रमुख आस्था केंद्र भंडारपुरी धाम पहुंचे, जहां उन्होंने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास के सत्य, अहिंसा, समानता और सामाजिक समरसता के संदेश आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। उनका संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

तीन सड़क कार्यों पर खर्च होंगे 28.96 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत के तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपये की लागत से मोहंदी-अड़सेना मार्ग के चार किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण और 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये की लागत से नरदहा में दो किलोमीटर लंबे आंतरिक मार्ग का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार रुपये की लागत से 29 किलोमीटर लंबे छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग का डामर नवीनीकरण किया जाएगा। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन सुगम बनाने और गांवों के बीच सड़क संपर्क मजबूत करने का लक्ष्य है।

स्कूल भवन और नगर पंचायत कार्यालय के लिए भी घोषणा

मुख्यमंत्री ने चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की। ग्राम पंचायत खमतराई में हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये, नगर पंचायत आरंग के ओड़का में नवीन प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपये, मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये तथा चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन के लिए 85 लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की गई।

इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाएंगे। इन घोषणाओं से क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं, स्थानीय अधोसंरचना और सामाजिक-सांस्कृतिक स्थलों के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

युवाओं की शिक्षा और समाज की प्रगति पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सतनामी समाज सहित सभी वर्गों के सम्मान, सशक्तीकरण और चहुंमुखी विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से दिल्ली स्थित कोचिंग संस्था में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 की गई है। भंडारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े स्थलों के विकास की बात भी कही।

कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि समाज की ओर से रखी गई विकास संबंधी मांगों पर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता के साथ पहल की है। सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब ने बाबा गुरु घासीदास के आदर्शों को जीवन में अपनाने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू सहित जनप्रतिनिधि, संतगण, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।