
कोरबा 11 सितंबर। नगर निगम कोरबा में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने आज कोसाबाड़ी जोन के विभिन्न वार्डों में निर्माणाधीन कार्यों का सघन निरीक्षण किया। महापौर ने मौके पर कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता, घटिया निर्माण अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों में निर्धारित तकनीकी मापदंडों, स्वीकृत ड्राइंग-डिजाइन, प्राक्कलन एवं गुणवत्ता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को नियमित स्थल निरीक्षण करने तथा निर्माण की प्रत्येक महत्वपूर्ण अवस्था में गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
महापौर ने लंबित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि फाइलों में विकास और जमीन पर अधूरे काम अब नहीं चलेंगे। जिन कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित रखने के बजाय निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर तत्काल प्रारंभ कराया जाए। धीमी गति से चल रहे कार्यों में तेजी लाते हुए तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराए जाएं।