खरसिया चौक की बदहाल सड़क पर मुख्यमंत्री सख्त : गड्ढे भरने से लेकर जल निकासी तक तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश, सभी जिलों में कलेक्टर करेंगे सड़कों की निगरानी

रायपुर, 14 सितंबर 2026। अंबिकापुर में बारिश के बीच बदहाल सड़क की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। खरसिया चौक की खराब सड़क से जुड़ा वायरल वीडियो मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तक पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर चर्चा की और सड़क की स्थिति तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बारिश या निर्माण कार्य के नाम पर आम लोगों को लंबे समय तक परेशानी में नहीं छोड़ा जा सकता। सड़क का स्थायी निर्माण पूरा होने में समय लगे तो भी अंतरिम व्यवस्था के जरिए मार्ग को सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाए रखना होगा।

वायरल VIDEO के बाद CM का सीधा हस्तक्षेप

अंबिकापुर के खरसिया चौक की सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और बारिश के कारण पैदा हुई परेशानी का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने कलेक्टर अजीत वसंत से वस्तुस्थिति की जानकारी ली और मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सड़क के गड्ढों को भरने, समतलीकरण कराने और पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया। अधिक यातायात वाले हिस्सों में पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

अब सिर्फ अंबिकापुर नहीं, पूरे प्रदेश की सड़कों पर नजर

अंबिकापुर की घटना के बाद मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे और संबंधित विभाग तथा निर्माण एजेंसी से समन्वय कर समस्या का समाधान कराएंगे।

गड्ढे, जलभराव और कटाव पर तुरंत एक्शन

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के दौरान सड़क पर गड्ढे, जलभराव, निर्माण कार्य या पुल-पुलिया के आसपास कटाव के कारण दुर्घटना की आशंका हो तो प्रशासन को तत्काल सुरक्षा उपाय करने होंगे। ऐसे स्थानों पर चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

मानसून में सड़क चलने लायक रखना जरूरी

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि मानसून के दौरान सड़क की खराब स्थिति नागरिकों के लिए परेशानी का कारण नहीं बननी चाहिए। स्थायी मरम्मत में मौसम के कारण यदि समय लग रहा है तो गड्ढों की भराई, समतलीकरण और जल निकासी जैसे जरूरी Temporary Repair कार्य तत्काल किए जाएं।

सड़क किसी भी विभाग की हो, जिम्मेदारी प्रशासन की

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग की हो, लोक निर्माण विभाग की, नगरीय निकाय की या किसी अन्य निर्माण एजेंसी से संबंधित हो, जिला प्रशासन को संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना होगा। प्रमुख और अधिक यातायात वाली सड़कों को चिन्हित कर उनकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

बारिश के बाद निर्माण कार्यों में आएगी तेजी

मुख्यमंत्री ने वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना बनाकर सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे करने को कहा गया है।

उन्होंने सड़क निर्माण की लगातार Monitoring पर जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों के कारण आम नागरिकों को लंबे समय तक असुविधा नहीं होनी चाहिए। सड़क सुरक्षा, सुगम यातायात और समयबद्ध निर्माण को लेकर प्रशासन को लगातार सक्रिय रहना होगा।

मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश

बारिश हो या निर्माण कार्य, आम लोगों के सुरक्षित और सुगम आवागमन से समझौता नहीं किया जाएगा। खराब सड़क की शिकायत सामने आने के बाद केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि मौके पर जाकर समाधान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।