रायपुर, 4 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सिंगापुर दौरे के पहले दिन छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर संवाद हुआ। मुख्यमंत्री ने विश्वप्रसिद्ध गार्डन्स बाय द बे की कार्यप्रणाली को करीब से समझा, वहीं सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और निवेश संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय कारोबारी समुदाय के सामने रखा।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में हिस्सा लेने पहुंचा है। मुख्यमंत्री साय के इस दौरे में निवेश के साथ-साथ आधुनिक शहरी विकास, पर्यावरण और पर्यटन के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी जोर दिया जा रहा है।
हरित विकास में सिंगापुर के अनुभव से छत्तीसगढ़ को जोड़ने की पहल
मुख्यमंत्री साय ने गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ और डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। बैठक में विश्वस्तरीय उद्यान की प्लानिंग, सतत डिजाइन, वनस्पति संरक्षण और प्रबंधन व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी ली गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक पहचान उसके जंगलों और जैव विविधता से जुड़ी है। ऐसे में सिंगापुर के आधुनिक हरित विकास मॉडल को प्रदेश की प्राकृतिक परिस्थितियों के अनुरूप अपनाया जा सकता है। खासतौर पर नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन को विकसित करने के साथ शहरी क्षेत्रों में हरित क्षेत्र बढ़ाने और ईको-टूरिज्म को विस्तार देने में इसका लाभ लिया जा सकता है।
हरित क्षेत्रों के विस्तार और बेहतर लैंडस्केपिंग से न केवल शहरों की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि पर्यटन गतिविधियों और रोजगार के नए अवसरों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
सिंगापुर के बिजनेस लीडर्स को बताया क्यों खास है छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में भारत के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए किए गए सुधार और प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी साझा की। उन्होंने एमएसएमई, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में मौजूद संभावनाओं को सामने रखते हुए उद्योग जगत को छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आमंत्रण दिया।
5 और 6 अक्टूबर को अहम बैठकें
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ CEO राउंडटेबल में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश में निवेश और आर्थिक साझेदारी के संभावित क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा होगी।
सिंगापुर दौरे के जरिए छत्तीसगढ़ सरकार जहां वैश्विक निवेश आकर्षित करने की कोशिश कर रही है, वहीं आधुनिक हरित विकास और पर्यटन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय अनुभवों को प्रदेश की जरूरतों से जोड़ने पर भी जोर दिखाई दे रहा है।