कटघोरा में बाउंड्री वॉल प्लॉट के अंदर मिली अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश, इलाके में सनसनी; जांच में जुटी पुलिस

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) :कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मालदा घाट स्थित एक बाउंड्री वॉल प्लॉट के अंदर घने जंगल में पानी के पास एक अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। शव काफी पुराना होने के कारण पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका है। प्रारंभिक जांच में शव किसी पुरुष का होने की बात सामने आई है।

​मिली जानकारी के अनुसार, सुबह एक स्थानीय महिला की नजर जंगल में पानी के समीप पड़े शव पर पड़ी। महिला ने तत्काल इसकी जानकारी ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी। इसके बाद पार्षद और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से घटना की सूचना कटघोरा थाना पुलिस को दी गई।

​घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई है और मौत के कारणों को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को मौके पर बुलाया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

​कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। शव की शिनाख्त और मौत के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए वैधानिक कार्रवाई व जांच जारी है।