चाकू की नोक पर तीन युवकों से मोबाइल लूटे: विसर्जन देखकर लौट रहे युवकों से सिंघिया–कोरबी जंगल के पास वारदात, कटघोरा पुलिस कर रही जांच

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) :  प्रतिमा विसर्जन देखकर घर लौट रहे तीन युवकों को रास्ते में रोककर चाकू की नोक पर मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। वारदात सिंघिया और कोरबी जंगल के बीच की है। पीड़ितों द्वारा कटघोरा थाने में मामले की लिखित शिकायत दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।

​जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कटघोरा थाना के बिझरा गांव के रहने वाले युवराज (17 वर्ष), देव दास (23 वर्ष) और जिगर महत (18 वर्ष) विसर्जन कार्यक्रम देखकर वापस अपने घर लौट रहे थे। 27 तारीख की रात जब वे सिंघिया और कोरबी के बीच जंगल वाले रास्ते से गुजर रहे थे, तभी तीन अज्ञात युवकों ने आवाज देकर और किसी से फोन पर बात कराने का बहाना बनाकर उन्हें रास्ते में रुकवा लिया।

​युवकों के रुकते ही तीनों अज्ञात बदमाशों ने अचानक चाकू निकाल लिया और उनकी गर्दन पर अड़ा दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर बदमाशों ने तीनों से उनके मोबाइल फोन छीन लिए। लुटेरों ने युवराज से आईफोन, देव दास से मोटोरोला एज 50 फ्यूजन और जिगर महत से रेडमी का मोबाइल लूटा। लूटे गए मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

​घटना के बाद पीड़ितों ने अगली सुबह कटघोरा थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी थी। इसके उपरांत 4 अक्टूबर को थाने में औपचारिक लिखित शिकायत दी गई। फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है; पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की प्रारंभिक जांच कर रही है और हुलिए के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।