पाली क्षेत्र में बेखौफ लुटेरे: बाइक सवार युवकों को जंगल में खींचकर डंडों से पीटा, मोबाइल व पैसे लूटे; गंभीर हालत में रेफर, एफआईआर दर्ज

पाली/सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ / : पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सन्नाटे और सुनसान रास्तों पर लूटपाट व मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में पाली से अपने गांव बगमडू लौट रहे बाइक सवार युवकों का रास्ता रोककर तीन अज्ञात नकाबपोश/बदमाशों ने कॉलर पकड़कर उन्हें जंगल की ओर खींच लिया। बदमाशों ने पैसों की मांग करते हुए डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की और मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो गए। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु रेफर किया गया है। वहीं पीड़ित की शिकायत पर पाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कॉलर पकड़ जंगल की ओर ले गए, पासवर्ड पूछकर की मारपीट

दर्ज एफआईआर के अनुसार, ग्राम बगमडू निवासी हर प्रसाद पोर्ते (30 वर्ष, पेशे से राजमिस्त्री) 20 सितंबर की शाम अपने जीजा संतोष सरोटिया के साथ मोटरसाइकिल से पाली से वापस अपने घर बगमडू जा रहे थे। शाम करीब 7:00 बजे जैसे ही वे तीनमेड़ा-सराईपाली-रंगोले के बीच जंगल वाले रास्ते पर पहुंचे, तभी घात लगाए बैठे तीन अज्ञात युवकों ने अचानक उनकी बाइक रोक ली।

लुटेरों ने दोनों का कॉलर पकड़कर उन्हें घसीटते हुए जंगल की तरफ ले गए और अश्लील गाली-गलौज करते हुए पैसे मांगने लगे। जब पीड़ितों ने बताया कि उनके पास नकद रुपये नहीं हैं, तो आरोपियों ने मोबाइल का पासवर्ड (लॉक) खोलने को कहा। प्रार्थी ने डर के मारे पासवर्ड बता दिया, लेकिन जीजा संतोष द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर डंडों, घूंसों से जानलेवा हमला कर दिया।

चेहरे व सिर पर आई गंभीर चोटें, अस्पताल रेफर

हमले में संतोष के चेहरे, सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं हर प्रसाद के हाथ-पैर में भी चोट पहुंची है। घटना के बाद घायलों को तुरंत पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां संतोष की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने इसी दौरान थोड़ी दूरी पर संतोष के भाई अशोक सिंह के साथ भी मारपीट कर उसकी जेब में रखे पैसे व मोबाइल लूट लिए।

पाली थाने में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज

घटना के बाद प्रार्थी हर प्रसाद पोर्ते की रिपोर्ट पर पाली थाना पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 381/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296, 115(2), 351(3), 126(2) और 3(5) के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच सउनि तरुण कुमार जायसवाल द्वारा की जा रही है।

क्षेत्र में लगातार बढ़ रही घटनाएं, दहशत का माहौल

स्थानीय लोगों का कहना है कि पाली से ग्रामीण अंचलों को जोड़ने वाले वनांचल और सुनसान रास्तों पर शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों व लुटेरों का जमावड़ा लग जाता है। आए दिन राहगीरों से छिनतई, मारपीट और लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता और राहगीरों में भारी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जंगल और सुनसान मार्गों पर नियमित गश्त बढ़ाने और लुटेरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।