
कटघोरा / निखिल जायसवाल सेंट्रल छत्तीसगढ़। जनपद पंचायत कटघोरा में पदस्थ लेखापाल मनीष देवांगन का बीती रात अचानक निधन हो गया। इस असमय दुखद घटना से जनपद पंचायत कार्यालय और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक मनीष देवांगन मूल रूप से कोरबा में अपने परिवार के साथ रहते थे। रोजाना कटघोरा आने-जाने की सुविधा को देखते हुए विभाग द्वारा उन्हें कटघोरा स्थित राजस्व कॉलोनी में क्वार्टर आबंटित किया गया था। शुक्रवार रात लगभग 11 बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद जब वे अपने आबंटित क्वार्टर में थे, तब अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
क्वार्टर में उनके साथ मौजूद युवक द्वारा उन्हें तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
निधन का कारण फिलहाल अज्ञात
मनीष देवांगन की मृत्यु किस वजह से हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आ पाया है। स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जनपद पंचायत ने जताया गहरा शोक
कर्मठ और मिलनसार स्वभाव के धनी लेखापाल मनीष देवांगन के अचानक दुनिया से चले जाने पर जनपद पंचायत कटघोरा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। जनपद पंचायत परिवार द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई है।