
कटघोरा (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़): :सोशल मीडिया (इन्स्टाग्राम) पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अमर्यादित व आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कटघोरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इन्स्टाग्राम पर की थी अमर्यादित टिप्पणी
प्राप्त जानकारी और शिकायत के अनुसार, कटघोरा (FCI गोडाउन के पास) निवासी नितेश मिरी (मिंटू मिरी) नामक युवक ने अपने इन्स्टाग्राम अकाउंट से भगवान शिव एवं भगवान श्रीराम सहित हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ गंदी-गंदी गालियां व अमर्यादित टिप्पणियां पोस्ट की थीं।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने दर्ज कराई शिकायत
मामला सामने आने के बाद ढेलवाड़ीह निवासी एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मीना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष भाजपा मनोज डिकसेना, OBC मोर्चा जिला मंत्री कोरबा अजय गर्ग, तुषार साहू सहित अन्य स्थानीय नागरिकों ने कटघोरा थाना पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की पोस्ट से समस्त श्रद्धालुओं और सनातन समाज की धार्मिक भावनाओं को गहरा ठेस पहुंचा है।
पुलिस की कार्रवाई (FIR दर्ज)
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा थाना पुलिस (निरीक्षक मोती लाल पटेल) ने आरोपी नितेश मिरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कृत्य) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है तथा विवेचना शुरू कर दी है।
सख्त कार्रवाई की मांग
कटघोरा थाने के बाहर मीडिया से बात करते हुए मीना शर्मा ने कहा, “सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव और सनातन देवी-देवताओं पर इस प्रकार की टिप्पणी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपी भले ही यह कहे कि उसे यह कंटेंट कहीं और से मिला है, लेकिन पुलिस को इसे बनाने वाले और शेयर करने वाले सभी दोषियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।”