
कटघोरा (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़):स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली ‘तिरंगा यात्रा’ को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से कटघोरा भाजपा मंडल द्वारा विश्राम गृह (रेस्ट हाउस) कटघोरा में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कटघोरा मंडल के सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
ज्यादा से ज्यादा जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने आगामी तिरंगा यात्रा की रूपरेखा और तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं बल्कि राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है, इसलिए इसमें समाज के हर वर्ग और आम नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है।
इस दौरान महामंत्री संजीत सिंह एवं वरिष्ठ भाजपाइयों ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और सभी मोर्चा अध्यक्षों व पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों को इस यात्रा में शामिल करने की जिम्मेदारी सौंपी।
घर-घर तिरंगा लहराने का संदेश
बैठक में उपस्थित पार्टी के सदस्यों और संगठित मंचों के प्रतिनिधियों ने संकल्प लिया कि कटघोरा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा को अभूतपूर्व सफलता दिलाई जाएगी। कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर नागरिकों को तिरंगा फहराने और यात्रा में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर कटघोरा भाजपा मंडल के वरिष्ठ नेता, सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, महामंत्री, वार्ड प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।