
कटघोरा / सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ / निखिल जायसवाल: नगर की बुनियादी समस्याओं को लेकर अब आर-पार की जंग शुरू हो गई है। कटघोरा में लंबे समय से बिजली की आंख-मिचौली और बूंद-बूंद पानी के लिए तरसते लोगों की आवाज जब विधायक तक पहुंची, तो प्रशासन में हड़कंप मच गया। पार्षदों और जनप्रतिनिधियों की मांग पर विधायक ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए हैं।
बिजली संकट पर बड़ा प्रहार: मिलेगा सेपरेट फीडर
शहर की चरमराई बिजली व्यवस्था को लेकर विधायक ने सीधे कार्यपालक निदेशक ए. के. अंबष्ट से फोन पर दो-टूक चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर को समस्याओं के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता।
- JE की होगी स्थायी नियुक्ति: शहर में बिजली की समस्याओं की मॉनिटरिंग के लिए जल्द ही स्थायी कनिष्ठ यंत्री (Junior Engineer) की तैनाती की जाएगी।
- नया फीडर प्लान: कसनिया डिपो को सुत्तर्रा फीडर से अलग कर सेपरेट फीडर बनाने का निर्देश दिया गया है। इससे वार्ड क्रमांक 14 और 15 के हजारों निवासियों को ट्रिपिंग से मुक्ति मिलेगी और निर्बाध बिजली सप्लाई होगी।
पेयजल संकट पर ‘विधायक’ का तोहफा
पानी की किल्लत को दूर करने के लिए विधायक ने नगर पालिका सीएमओ को सख्त निर्देश दिए हैं कि सप्लाई में कोई कोताही न बरती जाए।
- नए बोरवेल की मंजूरी: जिन वार्डों में जलस्तर नीचे चला गया है या सप्लाई नहीं पहुंच रही, वहां तत्काल नए बोरवेल खनन की अनुमति दी गई है।
- MLA फंड से टैंकर: नगरवासियों की प्यास बुझाने के लिए विधायक ने अपनी विधायक निधि से नगर पालिका को पानी टैंकर देने की बड़ी घोषणा की है।
पार्षदों ने उठाई थी जनता की आवाज
इस पूरी पहल के पीछे भाजपा पार्षद और जागरूक जनप्रतिनिधियों की अहम भूमिका रही। पार्षद राजू दीवान, अजय गर्ग, विधायक प्रतिनिधि अमित जायसवाल, श्याम सुंदर कश्यप और नवनीत पटेल ने विधायक को शहर की जमीनी हकीकत से रूबरू कराया था।
खुशी की लहर:
विधायक द्वारा ऑन-द-स्पॉट फैसले लेने और अधिकारियों को फोन पर ही निर्देशित करने के इस अंदाज़ से कटघोरा की जनता में उम्मीद जागी है। जनप्रतिनिधियों ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया है।