दर्री (कोरबा)। दर्री जेलगांव पॉवर सिटी वेलफेयर सोसाइटी के वार्षिक चुनाव सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए हैं। इस बार सोसाइटी के पदाधिकारियों का चुनाव सर्वसम्मति और मनोनयन के आधार पर किया गया, जिसमें मोहित राम राठौर को सर्वसम्मति से नया अध्यक्ष चुना गया है। वहीं, परिसर की व्यवस्थाओं और प्रशासनिक कार्यों को गति देने के लिए बिपिन सिंह को सचिव का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
सोसाइटी के सदस्यों ने सर्वसम्मति से अन्य कार्यकारी पदों पर भी नियुक्तियाँ की हैं, जो इस प्रकार हैं:
• उपाध्यक्ष: निकेत राम राठौर
• सह सचिव: ओंकारेश तिवारी
• कोषाध्यक्ष: अनिरुद्ध चौधरी
इस चुनावी और संगठनात्मक बैठक में सोसाइटी के संरक्षक और सेवानिवृत्त पूर्व मुख्य अभियंता सुधीर रेगे विशेष रूप से उपस्थित थे। उनके मार्गदर्शन में पूरी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ पूरा किया गया।
इस अवसर पर आवासीय परिसर के लगभग 50 से अधिक सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने नई कार्यकारिणी का करतल ध्वनि से स्वागत किया और उम्मीद जताई कि नई टीम कॉलोनी के विकास और जनसुविधाओं के लिए पूरी निष्ठा से काम करेगी। नवनियुक्त अध्यक्ष मोहित राम राठौर और सचिव बिपिन ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए परिसर के कल्याण के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
