नवा रायपुर के मेफेयर लेक रिजॉर्ट में होने वाले इस आयोजन में केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खनन क्षेत्र के विशेषज्ञ, निवेशक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
ग्रेफाइट से लेकर टंगस्टन तक 20 ब्लॉक्स की नीलामी
क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की नीलामी की 8वीं किश्त में कुल 20 खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए रखे गए हैं। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स हैं। ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन जैसे खनिज इस सूची में शामिल हैं।
इन खनिजों का इस्तेमाल आधुनिक तकनीक, ऊर्जा क्षेत्र, औद्योगिक उत्पादन और रणनीतिक जरूरतों में होता है। ऐसे में इनकी खोज और उत्पादन को बढ़ावा देना देश की दीर्घकालिक जरूरतों से भी जुड़ा हुआ है।
खनिज कारोबार को डिजिटल बनाने की तैयारी
रोड शो में सिर्फ नीलामी और निवेश पर चर्चा ही नहीं होगी, बल्कि छत्तीसगढ़ के खनिज क्षेत्र से जुड़ी डिजिटल व्यवस्था को भी आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा।
इसके अलावा सीएमडीसी और इंडियन ओवरसीज बैंक के बीच एमओयू का आदान-प्रदान होगा। कोरन्डम कटिंग एवं पॉलिशिंग के प्रशिक्षण के लिए पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के साथ भी समझौता किया जाएगा। माइनर मिनरल्स पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन और तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।
निवेशकों को समझाई जाएगी नीलामी की प्रक्रिया
दोपहर 2 बजे से शुरू होने वाले तकनीकी सत्र में निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों को खनिज ब्लॉक्स की नीलामी से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। नीलामी के लिए प्रस्तावित ब्लॉक्स, टेंडर डॉक्यूमेंट, ई-ऑक्शन प्रक्रिया और अन्वेषण से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतियां होंगी।
तकनीकी सत्र के बाद ओपन हाउस में उद्योग जगत, निवेशकों और विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद किया जाएगा। इस दौरान खनिज संसाधनों की संभावनाओं और निवेश से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
नीलाम ब्लॉक्स की ग्राउंड रिपोर्ट भी देखेगी सरकार
कार्यक्रम के बाद पहले से नीलाम किए जा चुके प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन की समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों के साथ खनन परियोजनाओं की प्रगति और उन्हें जल्द शुरू करने के लिए जरूरी समन्वय पर चर्चा होगी। इसके बाद माइन विजिट भी प्रस्तावित है।
क्रिटिकल मिनरल्स पर केंद्रित यह रोड शो छत्तीसगढ़ के खनिज क्षेत्र में नए निवेश, अन्वेषण और खनन गतिविधियों के विस्तार के लिए अहम मंच साबित हो सकता है। केंद्र और राज्य सरकार के साथ उद्योग जगत की भागीदारी से रणनीतिक खनिज संसाधनों के विकास को गति देने की कोशिश की जाएगी।