
कटघोरा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसी कड़ी में आज वार्ड क्रमांक 07 (महेशपुर) में ‘नगर की सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय हितग्राहियों ने पहुंचकर नगर पालिका के अधिकारियों व कर्मचारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।
मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल एवं उपाध्यक्ष लालबाबू ठाकुर ने स्वयं उपस्थित रहकर हितग्राहियों से सीधा संवाद किया और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्डवासियों की समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
अभियान में आ रही मुख्य समस्याएं और समाधान:
- राशन वितरण में अनियमितता: शिविर में पहुंची हितग्राही सुशीला बाई ने बताया कि सोसाइटी से पिछले दो-तीन महीनों से कई लोगों को ठीक से चावल नहीं मिल पा रहा है। फिंगरप्रिंट लगाने के बावजूद राशन न मिलने की समस्या पर अध्यक्ष ने उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द ही समस्या दूर कर हर माह नियमित राशन दिलाया जाएगा।
- आवास और पेंशन: नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने बताया कि शिविर के दौरान मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास और पिछले 8-9 महीनों से रुकी हुई पेंशन की शिकायतें सामने आ रही हैं। पेंशन भुगतान के लिए नगर पालिका की ओर से शासन को पत्र लिखा जाएगा।
- मूलभूत सुविधाओं का तत्काल निपटारा: उपाध्यक्ष लालबाबू ठाकुर ने जानकारी दी कि जो आमजन नगर पालिका कार्यालय तक नहीं पहुंच पाते, उनकी सुविधा के लिए वार्ड में ही कार्यालय स्थापित किया जा रहा है। पानी, साफ-सफाई और राशन कार्ड जैसी छोटी-मोटी समस्याओं का मौके पर ही तत्काल समाधान किया जा रहा है। ज्ञात हो कि यह विशेष शिविर 26 नवंबर से आगामी 14 जनवरी 2027 तक नगर के सभी वार्डों में आयोजित किया जाएगा।