Central Chhattisgarh | जनदर्शन में दिखी संवेदनशीलता, बुजुर्ग को तत्काल श्रवण यंत्र-चश्मा और जरूरतमंदों को मदद का भरोसा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनदर्शन में गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं, मांगें और परेशानियां सामने रखीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों की बात सुनते हुए कई मामलों में तत्काल सहायता और बेहतर उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए। जनदर्शन में कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र से पहुंचे 83 वर्षीय बुजुर्ग को श्रवण यंत्र और चश्मा उपलब्ध कराया गया, वहीं गंभीर बीमारी और आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवारों को भी मदद का भरोसा मिला।

कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर अपने पुत्र सोमनाथ राठौर के साथ मुख्यमंत्री जनदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि पिछले करीब 30 वर्षों से सुनने की समस्या के कारण उन्हें सामान्य बातचीत और दैनिक जीवन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने आंखों की कमजोरी की समस्या भी मुख्यमंत्री के सामने रखी।

बुजुर्ग की परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को श्रवण यंत्र और चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निर्देश के बाद परसराम राठौर को दोनों उपकरण उपलब्ध कराए गए। लंबे समय से सुनने में परेशानी झेल रहे बुजुर्ग को राहत मिली और उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

कैंसर पीड़ित परिवार की बेटी को पढ़ाई जारी रखने का भरोसा

जनदर्शन में जशपुर से अपनी मां के साथ पहुंची बीकॉम छात्रा फरहीन ने परिवार की आर्थिक परेशानियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उसने बताया कि उसके पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे। लंबे समय तक इलाज में परिवार की जमा पूंजी खर्च हो गई और वर्ष 2025 में पिता का निधन हो गया। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अब परिवार के सामने घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई है।

फरहीन की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने उसे हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया और पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए सरकार प्रयास करेगी।

तीन वर्षीय बच्चे के बेहतर इलाज के निर्देश

राजनांदगांव से मां पूर्णिमा साहू अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर जनदर्शन में पहुंचीं। उन्होंने बच्चे के स्वास्थ्य और आर्थिक तंगी के कारण उपचार में आ रही परेशानी बताई। पार्थ का जन्म समय से पहले हुआ था और जन्म के बाद उसे करीब दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। मुख्यमंत्री ने बच्चे की स्वास्थ्य संबंधी समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उसके बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में सामने आए इन मामलों ने एक बार फिर जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को सीधे शासन के सामने रखने के महत्व को सामने लाया। बुजुर्ग को तत्काल सहायक उपकरण उपलब्ध कराने से लेकर आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवारों और गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चे के उपचार तक, मुख्यमंत्री ने संबंधित मामलों में सहायता और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अब संबंधित विभागों की जिम्मेदारी होगी कि जनदर्शन में मिले निर्देशों के अनुरूप आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करें।