मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सड़क विकास को लेकर गंभीरता का दिख रहा असर ; खरसिया नाका रोड और सीतापुर में तेजी से चल रहा काम
रायपुर, 26 नवंबर 2026। सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला होती हैं। बेहतर सड़कें न केवल आवागमन आसान बनाती हैं, बल्कि व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों को भी गति देती हैं। इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बरसात समाप्त होने के बाद प्रदेश में सड़क निर्माण और सुधार कार्यों ने तेजी पकड़ ली है। सरगुजा संभाग में भी लंबे समय से परेशानी का कारण बनी सड़कों को बेहतर बनाने का काम अब तेजी से आगे बढ़ रहा है।

अंबिकापुर के खरसिया नाका रोड और सीतापुर नगर पंचायत क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। निर्माण कार्यों में बाधा बन रहे अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं, वहीं संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी कर काम की गति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सड़क विकास को लेकर लगातार गंभीरता दिखा रहे हैं और मौसम अनुकूल होते ही निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
खरसिया नाका रोड की समस्या का समाधान करने की दिशा में कदम
अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र का खरसिया नाका रोड जलजमाव की समस्या से प्रभावित रहने वाला मार्ग है। बारिश के दौरान यहां पानी जमा होने से आम नागरिकों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या से राहत दिलाने के लिए लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क के करीब 300 मीटर हिस्से में डामरीकरण का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष हिस्से में सीसी सड़क निर्माण तेजी से जारी है।
निर्माण कार्य के दौरान लोगों को धूल से राहत देने के लिए प्रतिदिन 6 से 7 टैंकर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण के लिए जिला प्रशासन द्वारा 40 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए हैं। इससे निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने में सुविधा मिली है। इस सड़क का निर्माण आगामी तीन महीनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सड़क तैयार होने के बाद क्षेत्र में आवागमन बेहतर होने और जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
सीतापुर में भी निर्माण कार्य तेज, रात में हो रही सड़क की तैयारी
सीतापुर नगर पंचायत क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। परियोजना के लिए पेड़ों की कटाई की आवश्यक अनुमति प्राप्त हो चुकी है, जबकि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। बरसात समाप्त होने के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है और निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूरी करने के लिए रात में भी काम कराया जा रहा है।
इस सड़क का निर्माण आगामी छह महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क बेहतर होने से सीतापुर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी और राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी। निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र की सड़क व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
मंत्री और अधिकारी लगातार कर रहे निरीक्षण
प्रदेश में सड़क निर्माण कार्यों को गति देने के साथ उनकी गुणवत्ता बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंत्री और विभागीय अधिकारी लगातार दौरे कर निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। मैदानी स्तर पर समीक्षा, निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय और कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर करने की प्रक्रिया जारी है। सरकार का प्रयास है कि सड़क निर्माण केवल औपचारिकता बनकर न रहे, बल्कि नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर और टिकाऊ सड़क सुविधा मिले।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सड़क विकास को लेकर प्रतिबद्धता के बीच सरगुजा-जशपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना मजबूत करने के प्रयास तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। आने वाले समय में बेहतर सड़क नेटवर्क प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को जोड़ने, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाने और आम लोगों के जीवन को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। खरसिया नाका रोड और सीतापुर की सड़क परियोजनाएं इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।