गरबा के रंग में रंगा मुख्यमंत्री निवास, CM विष्णु देव साय ने नारी शक्ति और संस्कृति पर दिया खास संदेश

रायपुर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आयोजित गरबा महोत्सव में माताओं-बहनों, बेटियों और गुजराती समाज के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों के बीच मां दुर्गा की आराधना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नवरात्रि को शक्ति की उपासना के साथ नारी सम्मान और सशक्तीकरण का पर्व बताया।

मां दुर्गा की आराधना कर मांगी प्रदेश की खुशहाली

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ के लोगों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गरबा केवल नृत्य नहीं, बल्कि मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा और भक्ति की अभिव्यक्ति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात से निकली गरबा की परंपरा आज पूरे देश में लोकप्रिय है। इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर देते हैं।

68 लाख महिलाओं को मिल रही महतारी वंदन योजना की सहायता

महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, यह सहायता महिलाओं को अपनी जरूरतों और परिवार से जुड़े खर्चों में आर्थिक संबल प्रदान करती है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की 14 लाख बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को विकास की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराना है।

छत्तीसगढ़ के शक्तिपीठों की विरासत पर भी चर्चा

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का उल्लेख करते हुए मां दंतेश्वरी, मां बम्लेश्वरी, मां महामाया और मां चंद्रहासिनी जैसे प्रमुख देवी धामों को प्रदेश की आस्था और पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा प्रमुख देवी धामों में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। नवरात्रि जैसे पर्व प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ लोगों को अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं।

विकसित छत्तीसगढ़ में गुजराती समाज की भूमिका

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुजराती समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज ने व्यापार, उद्योग, शिक्षा, सेवा और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की विशेषता विभिन्न समाजों और संस्कृतियों को अपनाना है।

गरबा महोत्सव में कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब तथा गुजराती समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि शक्ति, सकारात्मकता और सामूहिकता का संदेश देती है। मां दुर्गा के आशीर्वाद से प्रदेश निरंतर प्रगति करे और हर परिवार के जीवन में सुख-शांति बनी रहे, यही कामना है।