मां काली और मां दुर्गा के दरबार में पहुंचे CM साय, छत्तीसगढ़ की खुशहाली के लिए की प्रार्थना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार शाम राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध कालीबाड़ी मंदिर और दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचकर मां काली एवं मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने मां भगवती के चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात कर नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री साय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हुए छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रत्येक परिवार की खुशहाली के लिए मां का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा की प्रतीक हैं। उनकी आराधना जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने तथा सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

आस्था के साथ सामाजिक एकता का पर्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और धार्मिक आस्था से जुड़ी है। हमारे पर्व और उत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों से जोड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा के अवसर पर पूरा प्रदेश भक्तिमय वातावरण में सराबोर है। शक्ति की उपासना का यह पर्व मातृशक्ति के सम्मान और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का भी संदेश देता है।

किसानों, युवाओं और माताओं-बहनों की खुशहाली की कामना

मुख्यमंत्री साय ने मां भगवती से प्रार्थना की कि प्रदेश के किसानों के खेतों में समृद्धि आए, युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिले और माताओं-बहनों के जीवन में खुशहाली आए। उन्होंने कामना की कि छत्तीसगढ़ विकास, समृद्धि और खुशहाली के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

कालीबाड़ी मंदिर और दुर्गा पूजा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं समाजजनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, बंगाली कालीबाड़ी समिति रायपुर के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।