छत्तीसगढ़ में 18 नई सड़क-पुल परियोजनाओं को मंजूरी, 243.81 करोड़ रुपये होंगे खर्च; रायपुर में बनेगा ओवरपास

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क और पुलों का नेटवर्क मजबूत करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 243 करोड़ 81 लाख 11 हजार रुपये की लागत वाले 18 निर्माण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में 12 पुल और 6 सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्य शामिल हैं। राजधानी रायपुर में फुण्डहर चौक पर ओवरपास निर्माण के साथ रायपुरा चौक फ्लाईओवर की सर्विस रोड चौड़ी करने की योजना भी इसमें शामिल है। वहीं, बस्तर से सरगुजा तक अलग-अलग जिलों में नदी-नालों पर उच्च स्तरीय पुल बनाए जाएंगे।

फुण्डहर चौक के ओवरपास पर खर्च होंगे 29.80 करोड़

राजधानी रायपुर में यातायात को सुगम बनाने के लिए वीआईपी रोड के फुण्डहर चौक पर ओवरपास निर्माण की निविदा 29 करोड़ 80 लाख 12 हजार रुपये में स्वीकृत की गई है। इसके अलावा रिंग रोड नंबर-1 यानी एनएच-30 पर रायपुरा चौक फ्लाईओवर के दोनों ओर 3.66 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड के चौड़ीकरण के लिए 14 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये की निविदा मंजूर हुई है।

इन दोनों परियोजनाओं से राजधानी के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

इन्द्रावती नदी पर बनेगा उच्च स्तरीय पुल

बस्तर क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए बीजापुर जिले में कुटरू-गुटमांगी मार्ग पर इन्द्रावती नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 36 करोड़ 5 लाख 75 हजार रुपये की निविदा स्वीकृत हुई है।

बस्तर जिले में चंदेला-धर्माबेड़ा से अमलीधारा मार्ग पर भंवरडीह नदी में पुल निर्माण के लिए 12 करोड़ 74 लाख 95 हजार रुपये तथा बारसूर-लोहंडीगुड़ा-जगदलपुर मार्ग पर मांढेर नाला में पुल एवं पहुंच मार्ग के लिए 10 करोड़ 98 लाख 39 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।

छिन्दनार-कौरगांव मार्ग पर हान्दावाड़ा नदी में पुल निर्माण के लिए डीएमएफ मद से 5 करोड़ 73 लाख 1 हजार रुपये की निविदा को भी स्वीकृति मिली है।

जांजगीर-चांपा और सूरजपुर में सड़कें होंगी मजबूत

जांजगीर-चांपा जिले में देवरी-तनौद-भुईगांव-शुक्लाभाठा-ससहा मार्ग के 17.40 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 31 करोड़ 7 लाख 83 हजार रुपये की निविदा मंजूर हुई है।

सूरजपुर जिले के 16.85 किलोमीटर लंबे रिंग रोड के सुदृढ़ीकरण के लिए 16 करोड़ 8 लाख 59 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। रायपुर जिले में समोदा-बनरसी-तुलसी मार्ग के 8.20 किलोमीटर हिस्से में पुल-पुलियों सहित सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 40 लाख 32 हजार रुपये की निविदा मंजूर हुई है।

बेमेतरा जिले में बहिंगा-तिवरैया-सिमगा पहुंच मार्ग और मदराली-कटई-बेलटुकरी मार्ग के निर्माण कार्य भी स्वीकृत परियोजनाओं में शामिल हैं।

कई जिलों में नदी-नालों पर बनेंगे पुल

राजनांदगांव जिले के महाराजपुर-बरटोला मार्ग पर सूखा नाला, कोंडागांव जिले के माकड़ी-हीरापुर मार्ग पर कलीबेड़ा नाला और परेदा-कोंगुड मार्ग पर परौदा नदी में उच्च स्तरीय पुल बनाए जाएंगे।

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के खैरागढ़-अकरजन मार्ग पर मोती नाला में पुल निर्माण की निविदा मंजूर हुई है। कांकेर जिले में निब्रा (मेढकी) नदी और भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में पुल तथा पहुंच मार्ग का निर्माण होगा। सरगुजा जिले के दाहीडांड-सोनवरसा मार्ग पर मछली नदी में भी उच्च स्तरीय पुल बनाया जाएगा।

CM साय ने कनेक्टिविटी को बताया विकास का आधार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सड़क और पुल केवल आवागमन के साधन नहीं, बल्कि आर्थिक समृद्धि और सामाजिक बदलाव के आधार हैं। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। ग्रामीण, आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मजबूत अधोसंरचना की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने संबंधित कार्यपालन अभियंताओं को चयनित एजेंसियों को शीघ्र कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया है।

12 अक्टूबर को निविदा समिति ने दी मंजूरी

लोक निर्माण विभाग की निविदा समिति की 12 अक्टूबर को आयोजित बैठक में इन 18 कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी गई। विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा कराने और विभागीय मापदंडों के अनुरूप निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अब चयनित निर्माण एजेंसियों को कार्यादेश जारी होने के बाद परियोजनाओं के शुरू होने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इनके पूरा होने से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन और सड़क संपर्क सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।