राज्योत्सव में जनसम्पर्क का डिजिटल अंदाज, योजनाओं की जानकारी लेने प्रदर्शनी में पहुंच रहे लोग,छत्तीसगढ़ जनमन का निःशुल्क वितरण, एलईडी स्क्रीन और ई-कॉर्नर से विकास की तस्वीर पेश; बच्चों को लुभा रहा चलित रोबोट

रायपुर, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के रंगारंग माहौल में जनसम्पर्क विभाग की प्रदर्शनी लोगों को प्रदेश की विकास यात्रा से रूबरू करा रही है। नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में लगाई गई इस प्रदर्शनी में सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों, औद्योगिक प्रगति और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को एक साथ देखने का अवसर मिल रहा है। पहले दिन से ही यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और प्रदर्शनी में उपलब्ध जानकारियों में रुचि दिखा रहे हैं।

‘नव निर्माण के 26 वर्ष एवं विकास पथ पर अग्रसर छत्तीसगढ़’ की थीम पर तैयार प्रदर्शनी में तस्वीरों, डिजिटल एलईडी स्क्रीन और ई-कॉर्नर के माध्यम से प्रदेश की बदलती तस्वीर प्रस्तुत की गई है। सुशासन से समृद्धि, निवेश से औद्योगिक प्रगति, समृद्ध संस्कृति और परिवर्तन का गढ़ जैसे विषयों के जरिए छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों को आकर्षक स्वरूप दिया गया है।

महिलाओं और बच्चों ने भी दिखाई विशेष रुचि

प्रदर्शनी में केवल योजनाओं की जानकारी ही नहीं, बल्कि उसे समझने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल भी लोगों को आकर्षित कर रहा है। चलित मनोरंजक रोबोट बच्चों और युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय है। आदिवासी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करने वाले रोबोट के साथ बच्चे हाथ मिलाते और तस्वीरें खिंचवाते नजर आए।

रायपुर की रीतिका साहू अपने सात वर्षीय बेटे वीरांश के साथ जनसम्पर्क विभाग के डिजिटल स्टॉल पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि डिजिटल एलईडी स्क्रीन और छत्तीसगढ़ से संबंधित सामान्य ज्ञान क्विज बच्चों के लिए बेहद उपयोगी है। इससे बच्चे प्रदेश की संस्कृति, सभ्यता और विशेषताओं को रोचक तरीके से जान सकते हैं। उन्होंने रोबोट की भी सराहना की।

रायपुर के सुलभ सौरभ, अनिल रामटेके और ग्राम परसदा (राजिम) के टिकेश्वर निषाद ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। आगंतुकों ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी देने की पहल की सराहना की। ई-कॉर्नर में सुशासन से समृद्धि पर आधारित प्रस्तुति को प्रदेश के विकास का आईना बताया।

घर बैठे सरकारी सेवाओं से लेकर औद्योगिक निवेश तक की जानकारी

प्रदर्शनी में शासन की उपलब्धियों के तहत सेवा सेतु पर 942 सरकारी सेवाएं घर बैठे एक क्लिक में उपलब्ध होने, छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत 740 से अधिक सेवाओं का कानूनी अधिकार और सुशासन तिहार में 50 लाख आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी जा रही है।

औद्योगिक विकास के अंतर्गत नवा रायपुर में पहले एआई डेटा सेंटर पार्क के आकार लेने, दूसरे सेमीकंडक्टर यूनिट के निर्माण और सिंगल विंडो सिस्टम पर 187 सेवाएं उपलब्ध होने की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।

बस्तर की संस्कृति और पर्यटन स्थलों की भी झलक

छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक सौंदर्य से भी है। प्रदर्शनी में 600 साल पुराने और 75 दिनों तक चलने वाले विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा, दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर, धान की 23 हजार से अधिक किस्मों, 300 मीटर चौड़े चित्रकोट जलप्रपात और प्रदेश के 44 प्रतिशत वनक्षेत्र की जानकारी दी गई है।

नक्सल प्रभावित बस्तर में आए बदलावों को भी एलईडी के माध्यम से प्रदर्शित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बदली परिस्थितियों और विकास की नई संभावनाओं को प्रस्तुति में शामिल किया गया है।

निःशुल्क मिल रही छत्तीसगढ़ जनमन किताब

प्रदर्शनी में आने वाले लोगों को छत्तीसगढ़ जनमन किताब और शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित ब्रोशर का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। इस तरह जनसम्पर्क विभाग का स्टॉल राज्योत्सव में सूचना, तकनीक और सांस्कृतिक पहचान का ऐसा केंद्र बनकर उभरा है, जहां लोग प्रदेश की उपलब्धियों को देख भी रहे हैं और उनके बारे में जानकारी भी प्राप्त कर रहे हैं।