45 हजार बच्चों को मिला नया जीवन, अब जनजातीय युवाओं के लिए खुलेगा नर्सिंग शिक्षा का रास्ता, नवा रायपुर में सत्य साईं संजीवनी अस्पताल की ऐतिहासिक उपलब्धि का समारोह, मुख्यमंत्री साय और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया हुए शामिल

रायपुर, 1 नवंबर 2026। निःशुल्क चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल में अब तक 45 हजार बच्चों की सफल शल्य चिकित्सा पूरी हो चुकी है। इस उपलब्धि को लेकर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अस्पताल की सेवाभावी टीम की सराहना करते हुए इसे मानवता और निःस्वार्थ सेवा की मिसाल बताया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी परिवार के लिए बच्चे का स्वस्थ जीवन सबसे बड़ी खुशी है। गंभीर बीमारी से जूझ रहे बच्चों का निःशुल्क उपचार कर उन्हें नया जीवन देना केवल चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि मानवता का महान कार्य है। अस्पताल ने हजारों परिवारों के जीवन में आशा, विश्वास और खुशियां लौटाई हैं।

45 हजार सफल सर्जरी पर अस्पताल की टीम को बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल की पूरी टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्थान ने यह साबित किया है कि चिकित्सा सेवा का उद्देश्य केवल उपचार करना नहीं, बल्कि समाज में संवेदना, विश्वास और मानवीय मूल्यों को मजबूत करना भी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि अस्पताल भविष्य में भी सेवा और समर्पण की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराता रहेगा।

जनजातीय विद्यार्थियों के लिए नर्सिंग कॉलेज और डॉरमेटरी

कार्यक्रम के दौरान जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज भवन एवं डॉरमेटरी का भूमिपूजन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के जनजातीय अंचलों के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।

उन्होंने कहा कि नर्सिंग कॉलेज के माध्यम से जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। इससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अपना भविष्य बना पाएंगे।

मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मियों की आवश्यकता है। ऐसे में यह संस्थान स्वास्थ्य शिक्षा के विस्तार के साथ कुशल मानव संसाधन तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि गरीब, वंचित और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक परिवार तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ संवेदनशील और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता भी जरूरी है। श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल जैसी संस्थाओं की सहभागिता से इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों को मजबूती मिलती है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी अस्पताल द्वारा बच्चों के निःशुल्क उपचार और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने 45 हजार बच्चों की सफल शल्य चिकित्सा की उपलब्धि पर संस्थान की टीम को बधाई दी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के पदाधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।