
कोरबा 03 अक्टूबर 2022 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : कलेक्टर श्री संजीव झा ने जिले में अवैध धान खरीदी बिक्री रोकने के लिए तहसील स्तर पर उड़न दस्ता दल का गठन किया है। उड़नदस्ता दल में जिले के तहसीलों के तहसीलदारों सहित नायब तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक, संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी एवं कृषि उपज मंडी के कर्मचारी को भी शामिल किया गया है। उड़न दस्ता दल धान खरीदी केंद्रों में अन्य राज्यों के अवैध धान की आवक – विक्रय एवं कोचियों – बिचौलियों से अवैध धान खरीदी पर सतत निगरानी रखेगी। जिला खाद्य अधिकारी श्री जे के सिंह ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन अवधि के दौरान अवांछित व्यक्तियों के द्वारा पंजीकृत किसान के धान के रकबे में खपाने – बेचने का प्रयास किया जा सकता है। अवांछित व्यक्तियों द्वारा अन्य राज्यों से धान लाकर प्रदेश के खरीदी केन्द्रों में खपाने के प्रयास किये जाने से धान खरीदी व्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है। इसके अतिरिक्त गांव एवं शहरी इलाकों में कोचियों एवं बिचौलियों के द्वारा चिल्हर रूप से धान की खरीदी कर समिति में पंजीकृत किसान के धान के रकबे में बेचने का प्रयास किये जाने की संभावना रहती है।इसलिए खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में धान खरीदी केन्द्रो में अन्य राज्यों के अवैध धान की आवक /विकय के रोकने के लिए एवं कोचियों/बिचौलियों से अवैध धान खरीदी पर सतत् निगरानी रखने हेतु तहसील स्तर पर उड़न दस्ता दल का गठन किया गया है।