पाली विधायक के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कुणाल दुदावत को सौंपा ज्ञापन: पाली स्कूल में मानदेय शिक्षकों की नियुक्ति मांग को कलेक्टर ने जल्द पूरा करने का दिया आश्वासन

कोरबा / पाली / सेन्ट्रल छत्तीसगढ़। पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली में शिक्षकों की कमी को दूर करने तथा छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से पाली-तानाखार विधायक एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम की पहल पर एक शिष्टमंडल ने कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत से मुलाकात की।

​विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम तथा मागामार सरपंच छत्रपाल सिंह ने कोरबा कलेक्ट्रेट पहुंचकर विधायक तुलेश्वर मरकाम द्वारा प्रेषित मांग पत्र/ज्ञापन कलेक्टर कुणाल दुदावत को सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली के प्राचार्य द्वारा प्रेषित पत्र का हवाला देते हुए विद्यालय में मानदेय शिक्षकों (अतिथि शिक्षकों) की तत्काल स्वीकृति की मांग रखी गई।

“क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पाली स्कूल में अध्यापन कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए मानदेय शिक्षकों की शीघ्र स्वीकृति हेतु कलेक्टर महोदय को पत्र प्रेषित किया गया है।”

— तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम (विधायक, पाली-तानाखार)

​ज्ञापन स्वीकार करते हुए कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मामले को गंभीरता से लिया और प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित को ध्यान में रखते हुए पाली स्कूल में मानदेय शिक्षकों की स्वीकृति की मांग पर त्वरित एवं आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

​मुलाकात के दौरान विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम एवं मागामार सरपंच छत्रपाल सिंह ने क्षेत्र की अन्य शैक्षणिक समस्याओं पर भी चर्चा की। कलेक्टर द्वारा त्वरित कार्यवाही के आश्वासन पर क्षेत्रवासियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।