सिंगापुर दौरे से छत्तीसगढ़ को निवेश और स्किल डेवलपमेंट की सौगात, एग्रो सेक्टर में 350 करोड़ का प्रस्ताव

रायपुर, 6 अक्टूबर 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश, कौशल विकास और तकनीकी साझेदारी को लेकर कई अहम पहल सामने आई हैं। प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तैयार करने के लिए ITE Education Services, Singapore के साथ समझौता हुआ है। वहीं वैश्विक एग्रीबिजनेस कंपनी Valency International Pte Ltd ने छत्तीसगढ़ में 350 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है।

इस प्रस्ताव के बाद सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिले कुल एफडीआई निवेश प्रस्ताव 43,600 करोड़ रुपये तक पहुंच गए हैं।

स्किल डेवलपमेंट के लिए सिंगापुर मॉडल का सहारा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ सरकार और ITE Education Services के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए एमओयू किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का दौरा कर उद्योग आधारित प्रशिक्षण व्यवस्था को भी समझा।

सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी कंपनियां ITE कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने और प्रशिक्षण व्यवस्था में सहयोग करती हैं। इसी अनुभव का उपयोग छत्तीसगढ़ में उद्योगों की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण और रोजगारपरक स्किलिंग विकसित करने में किया जाएगा।

काजू, तिल, दलहन और मूंगफली की होगी प्रोसेसिंग

Valency International छत्तीसगढ़ में एकीकृत Agro & Food Processing और Export Hub स्थापित करेगी। प्रस्तावित परियोजना में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली की प्रोसेसिंग की जाएगी।

इससे कृषि उत्पादों का राज्य में ही मूल्य संवर्धन करने, किसानों की उपज के लिए नए बाजार विकसित करने और प्रोसेसिंग, पैकेजिंग तथा लॉजिस्टिक्स से जुड़े स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने की संभावना है।

सिंगापुर के विदेश मंत्री से मुख्यमंत्री की मुलाकात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात की। दोनों के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

15 से अधिक वैश्विक कंपनियों से निवेश पर संवाद

सीईओ राउंडटेबल में मुख्यमंत्री ने 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। इनमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua शामिल थे। टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड सेक्टर में निवेश एवं साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

AI और डिजिटल फाइनेंस में युवाओं की ट्रेनिंग पर चर्चा

मुख्यमंत्री ने Global Finance & Technology Network (GFTN) के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। चर्चा में छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण देने, स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए टेक लैब स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

सिंगापुर यात्रा के दौरान निवेश के साथ कौशल विकास, तकनीक और वैश्विक साझेदारी पर फोकस रहा। प्रतिनिधिमंडल 7 अक्टूबर को रायपुर लौटेगा।