शहीद उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा की पत्नी ने मुख्यमंत्री की कलाई पर बांधी राखी, करीब 800 जवानों को मिला बहनों का स्नेह; 68 लाख बहनों के खातों में पहुंचेंगे 631 करोड़ रुपये
बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सीआईएसएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, सेना और पुलिस के करीब 800 जवान शामिल हुए। स्कूली बेटियों, दिव्यांग बेटियों, स्वच्छता दीदियों, ड्रोन दीदियों, लखपति दीदियों और महिला स्व-सहायता समूहों की बहनों ने जवानों की कलाइयों पर राखी बांधी।

कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह के साथ राष्ट्ररक्षा और शहीद जवानों के बलिदान को याद किया गया। इसी दौरान सामने आया एक ऐसा भावुक पल, जिसने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया।
शहीद की पत्नी ने CM को बांधी राखी, भावुक हुए मुख्यमंत्री
वर्ष 2017 में रक्षाबंधन से ठीक एक दिन पहले नक्सली मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद उपनिरीक्षक श्री युगल किशोर वर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी।

इस दौरान मुख्यमंत्री भावुक हो उठे। उन्होंने शहीद जवान के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि शहीदों के परिवार हमारे अपने परिवार हैं। सरकार उनके सम्मान, स्वाभिमान और हर सुख-दुःख में उनके साथ खड़ी रहेगी।
“नक्सलवाद के अंत की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़ हमारी बहनों के लिए सुरक्षा और विश्वास का सबसे बड़ा उपहार है।”
अब किसी बहन को भाई के लौटने की चिंता नहीं सताएगी : साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद के आतंक से मुक्त कराने के लिए सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस दिखाया है। अनेक जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया है। नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता से बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में शांति और विकास के नए दौर का रास्ता खुला है।
उन्होंने कहा कि अब वह समय आ रहा है जब नक्सली हिंसा के कारण किसी बहन का सुहाग नहीं उजड़ेगा, किसी मां को अपना बेटा नहीं खोना पड़ेगा और किसी बहन को अपने भाई के सकुशल घर लौटने की चिंता नहीं सताएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बस्तर की पहचान हिंसा से नहीं बल्कि शांति, विकास, समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पर्यटन और नई संभावनाओं से होगी। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार की सुविधाएं तेजी से पहुंचाई जा रही हैं।
‘बहनों का स्नेह मेरी सबसे बड़ी शक्ति’
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लाखों बहनों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें जनसेवा के लिए नई ऊर्जा देता है। सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2 लाख 42 हजार से अधिक महिला स्व-सहायता समूहों से करीब 30 लाख महिलाएं जुड़ी हैं। वहीं 13 लाख 85 हजार बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं।
रक्षाबंधन से पहले 68 लाख बहनों को 631 करोड़
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के रूप में करीब 68 लाख बहनों के बैंक खातों में लगभग 631 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी।

महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रदेश की माताएं-बहनें आर्थिक रूप से मजबूत बनें और अपने निर्णय स्वयं लेने में सक्षम हों।
रायपुर को मिले पांच नए अभिनव प्रोजेक्ट
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रायपुर जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के पांच अभिनव प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया।
01. हरित पोषणम् : आंगनबाड़ियों और महिला समूहों को फलदार पौधे तथा सब्जियों के उन्नत बीज उपलब्ध कराकर पोषण वाटिकाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
02. प्रोजेक्ट निरामय : रायपुर जिले के 215 उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के 65,920 छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य एवं रक्त जांच की जाएगी।
03. तिरंगा शक्ति फेस्ट : सामाजिक समरसता, संस्कृति, सुशासन, युवा नेतृत्व और राष्ट्रभावना से जुड़े आयोजन किए जाएंगे।
04. रायपुर अनफिल्टर्ड : प्रतिष्ठित हस्तियों, कलाकारों और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों के अनुभव पॉडकास्ट के जरिए सामने लाए जाएंगे।
05. प्रोजेक्ट अहिगुण्डिकः : सौंरा (सपेरा) समुदाय के परिवारों को शासन की योजनाओं और आवश्यक दस्तावेजों से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलेगा।
वन मंत्री ने भी सुरक्षा बलों के योगदान को सराहा
वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई में केंद्रीय सुरक्षा बलों और पैरामिलिट्री फोर्स का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं और अब बस्तर में शांति तथा विकास का नया दौर दिखाई दे रहा है।
‘स्नेह की डोर’ में राखी सिर्फ जवानों की कलाई पर नहीं बंधी, बल्कि शहीद परिवारों के सम्मान, बहनों के भरोसे, महिला सशक्तिकरण और नक्सलवाद से बदलते छत्तीसगढ़ की नई तस्वीर का संदेश भी सामने आया।