Korba Crime : बुरे फंसे SDM मनोज बंजारे, पत्नी के साथ किया ऐसा काम कराया दी FIR, जानिए क्या है पूरा मामला…

 

 कोरबा(सेन्ट्रल छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ प्रशासनिक सेवा के अधिकारी (डिप्टी कलेक्टर) मनोज बंजारे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनकी पत्नी पूजा बंजारे ने उन पर और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाते हुए रायपुर के महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

पीड़िता का आरोप है कि शादी के दूसरे दिन से ही उन्हें दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में एक लग्जरी कार और 2 से 3 करोड़ रुपये की मांग की जा रही थी। इतना ही नहीं, यह रकम जुटाने के लिए उन पर मायके की जमीन बेचने का लगातार दबाव बनाया गया। मांग पूरी न होने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।

शिकायत के अनुसार, गर्भावस्था और प्रसव के दौरान भी उन्हें प्रताड़ित किया गया। डिलीवरी के बाद पति मनोज बंजारे ने पत्नी और नवजात बच्चे की जिम्मेदारी उठाने से इनकार करते हुए उन्हें मायके छोड़ दिया। इसके बाद भी उत्पीड़न का सिलसिला नहीं थमा; आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मायके पहुंचकर गाली-गलौज, तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता ने बताया कि बीते 2 सितंबर 2026 को भी मायके में घुसकर उनके साथ मारपीट की गई थी। मामले को सुलझाने के लिए परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग भी कराई गई, लेकिन समझौता नहीं हो सका। इसके बाद महिला थाना पुलिस ने डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।