विष्णु भैया ने बच्चों के साथ गाया राष्ट्रगीत, स्कूल विकास के लिए 50 लाख की घोषणा, ‘वंदे मातरम्’ के 150 साल पूरे…

रायपुर। ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी रायपुर के रोहिणीपुरम स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सामूहिक गायन कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्कूली बच्चों, आचार्यों और नागरिकों के साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय के विकास के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

एक स्वर में गूंजा ‘वंदे मातरम्’

कार्यक्रम में विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि मां भारती की वंदना और राष्ट्रीय चेतना का सशक्त स्वर है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इस गीत ने लोगों में देशभक्ति और स्वाधीनता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होना देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को याद करने का अवसर है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व और जिम्मेदारियों से जोड़ने का काम करते हैं।

स्कूल के विकास के लिए 50 लाख रुपये

मुख्यमंत्री ने सरस्वती शिशु मंदिर के विकास के लिए 50 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालयों में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभावना को महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनमें सामाजिक और राष्ट्रीय जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होनी चाहिए।

बच्चों से बोले- बड़ा सपना देखिए

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि वे जीवन में बड़ा लक्ष्य तय करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करें। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि कलेक्टर, एसपी, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक या किसी भी क्षेत्र में जाने का सपना है तो उसकी तैयारी अभी से शुरू करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए अनुशासन, निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प जरूरी है।

दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के दूरस्थ इलाकों के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर संसाधन पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक या भौगोलिक परिस्थितियां किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की आगे बढ़ने की राह में बाधा न बनें।

उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित ट्रायबल यूथ हॉस्टल की क्षमता बढ़ाकर 200 सीट की गई है। यहां अध्ययनरत छत्तीसगढ़ के 13 विद्यार्थियों ने यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा में सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा और मेहनत का उदाहरण बताया।

छत्तीसगढ़ में 1500 स्थानों पर हुआ आयोजन

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि विद्या भारती के आह्वान पर देशभर में 25 हजार से अधिक स्थानों पर लगभग एक करोड़ लोगों द्वारा सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। वहीं छत्तीसगढ़ में करीब 1500 स्थानों पर पांच लाख लोगों ने इस आयोजन में सहभागिता की।

इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत, राजीव लोचन महाराज, मयंक बैस, राघवेंद्र सिंह ठाकुर, अजय कुलश्रेष्ठ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, आचार्यगण, विद्यालय परिवार के सदस्य और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभावना से तैयार होने वाली नई पीढ़ी ही मजबूत समाज और विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला बनेगी।