कटघोरा में शान से लहराया तिरंगा: 80वीं स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा नगर, प्रशासनिक भवनों से लेकर निजी संस्थानों तक गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे

कटघोरा / सेन्ट्रल छत्तीसगढ़। देश की आज़ादी की 80वीं वर्षगांठ कटघोरा नगर सहित पूरे क्षेत्र में पूरे गरिमामय और उल्लासपूर्ण माहौल में मनाई गई। नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर देशभक्ति का जबर्दस्त उत्साह देखने को मिला। शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और निजी प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा आन-बान-शान से फहराया गया। इस दौरान लोगों ने अमर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए सामाजिक समरसता, एकता और भाईचारे का संकल्प लिया।

नगर पालिका व भारत माता मंदिर परिसर:

नगर पालिका परिषद कार्यालय और भारत माता मंदिर परिसर में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने गरिमामय उपस्थिति के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष ने समस्त कटघोरा नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में भारी संख्या में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने हिस्सा लेकर अमर शहीदों के जयघोष लगाए।

तहसील व एसडीएम कार्यालय:

तहसील कार्यालय परिसर में अनुविभागीय अधिकारी (SDM) तुलाराम भारद्वाज ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान तहसीलदार सूर्यकांत केसकर, नायब तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और आजादी के अमर सेनानियों को नमन किया।

कटघोरा थाना:

कटघोरा पुलिस थाना परिसर में थाना प्रभारी एम. बी. पटेल ने पुलिस बल के साथ ध्वजारोहण किया। पुलिस जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और इसके बाद सभी ने देश की सुरक्षा व कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने का संकल्प दोहराया।

कटघोरा वनमण्डल कार्यालय:

कटघोरा वनमण्डल कार्यालय में डीएफओ जितेंद्र कुमार उपाध्याय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर वन परिक्षेत्राधिकारी (रेंजर) व वन विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।

जनपद पंचायत कार्यालय:

जनपद पंचायत कटघोरा में जनपद अध्यक्ष झूलबाई गोविंद कंवर ने ध्वजारोहण किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) यशपाल सिंह ने मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया। उन्होंने आजादी के इतिहास और वीर सपूतों के बलिदान पर प्रकाश डालते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अन्य प्रमुख स्थानों पर ध्वजारोहण:

  • विकासखंड शिक्षा कार्यालय: विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अभिमन्यु टेकाम ने ध्वजारोहण किया।
  • आदिवासी सेवा सहकारी समिति: प्रबंधक विनोद भट्ट द्वारा समिति परिसर में ध्वजारोहण संपन्न हुआ।

नगर के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और निजी संस्थानों में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर आजादी का अमृत उत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया।