उप राजस्व निरीक्षक रामचंद जायसवाल की ससम्मान विदाई, कटघोरा नगर पालिका ने पेश किया 78 करोड़ का विकासोन्मुखी बजट

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): नगर पालिका परिषद कटघोरा के सभा कक्ष में आज विकास और विदाई का अनूठा संगम देखने को मिला। एक ओर जहाँ परिषद ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर के कायाकल्प का खाका खींचते हुए 78 करोड़ रुपये का बजट पेश किया, वहीं दूसरी ओर विभाग के अनुभवी स्तंभों को भावभीनी विदाई दी गई।

रामचंद जायसवाल और सविता बाई को मिली भावभीनी विदाई

​कार्यक्रम का भावुक क्षण तब आया जब नगर पालिका परिवार के दो सम्मानित सदस्यों, उप राजस्व निरीक्षक श्री रामचंद जायसवाल एवं स्वच्छता कर्मी श्रीमती सविता बाई के सेवानिवृत्त होने पर उनका विदाई समारोह आयोजित किया गया। परिषद के सदस्यों और कर्मचारियों ने रामचंद जी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

बजट 2026-27: ‘स्मृद्ध कटघोरा’ की संकल्पना

​नगर के समग्र और सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखते हुए आगामी वित्तीय वर्ष के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को बजट में शामिल किया गया है।

प्रमुख विकास योजनाएँ एक नज़र में:

  • हाईटेक बस स्टैंड: यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण।
  • गौरव पथ का जाल: नगर की कनेक्टिविटी सुधारने हेतु तीन प्रमुख मार्गों पर गौरव पथ का निर्माण:
    1. ​चिकित्सालय चौक से जेंजरा चौक (कोरबा रोड)
    2. ​चिकित्सालय चौक से चकचकवा पहाड़ी (अंबिकापुर रोड)
    3. ​चिकित्सालय चौक से जटगा मोड़ (बिलासपुर रोड)
  • सौंदर्यीकरण व संस्कृति: भगवान सहस्त्रबाहु की मूर्ति स्थापना व चौक सौंदर्यीकरण तथा छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति की स्थापना।
  • जन-सुविधाएँ: वार्ड क्रमांक 2 के गार्डन में स्विमिंग पूल, वार्ड 12 में सड़क निर्माण और सभी 15 वार्डों में हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था।

सामूहिक प्रयास से बनेगा आदर्श नगर

​बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि 78 करोड़ रुपये का यह प्रस्तावित बजट कटघोरा को छत्तीसगढ़ की एक समृद्ध और आदर्श नगरपालिका के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। नगर के विकास के लिए सभी पार्षदों और नागरिकों का सामूहिक प्रयास अनिवार्य है।