कटघोरा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) : नगर पालिका परिषद कटघोरा में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ शिविर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जनता की समस्याएं सुनने के लिए लगाए गए इस विशेष शिविर से विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी ही नदारद मिले। इस बड़ी लापरवाही पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए नगर पालिका परिषद कटघोरा के अध्यक्ष राज जायसवाल ने मौके पर मौजूद विभाग के सहकर्मी को जमकर फटकार लगाई और कार्यप्रणाली में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी।
बिजली संकट से परेशान हैं संजय नगर नंबर 2 के लोग
मिली जानकारी के अनुसार, कटघोरा के संजय नगर वार्ड नंबर 2 के स्थानीय निवासी लंबे समय से बिजली की गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। सुशासन तिहार शिविर के दौरान वार्ड के बड़ी संख्या में नागरिक अपनी शिकायत और मांग लेकर विद्युत विभाग के स्टॉल पर पहुंचे थे। नागरिकों को उम्मीद थी कि इस शिविर के माध्यम से उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण होगा।
मौके से अधिकारी गायब, अध्यक्ष का फूटा गुस्सा
जब पीड़ित जनता के साथ नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल विद्युत विभाग के काउंटर पर पहुंचे, तो वहां विभाग के मुख्य अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। संवेदनशील मामले पर जिम्मेदार अधिकारी की इस तरह की गैर-जिम्मेदारी को देखकर अध्यक्ष राज जायसवाल का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शिविर में उपस्थित विद्युत विभाग के अन्य सहकर्मियों और कर्मचारियों को आड़े हाथों लिया और जनता के सामने ही उन्हें जमकर फटकार लगाई।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी: राज जायसवाल
अध्यक्ष राज जायसवाल ने दो टूक शब्दों में कहा कि:
”सरकार द्वारा सुशासन तिहार शिविर का आयोजन जनता की समस्याओं को मौके पर ही दूर करने के लिए किया गया है। ऐसे महत्वपूर्ण शिविर से अधिकारियों का गायब रहना आम जनता के साथ खिलवाड़ है। जनता बिजली की समस्या से परेशान है और अधिकारी दफ्तरों से नदारद हैं। ऐसी लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
शिविर में मौजूद अन्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी अध्यक्ष के इस कड़े रुख का समर्थन किया है। इस घटना के बाद से स्थानीय प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारियों में भी खलबली मची हुई है।