
कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ )। शहर के व्यस्ततम बुधवारी बाजार इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर एक कंप्यूटर दुकान में जमकर गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। एक रसूखदार ने दुकान के भीतर घुसकर न सिर्फ तोड़फोड़ की, बल्कि दुकानदार के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। स्थानीय पुलिस चौकी से तत्काल राहत न मिलने पर अब पीड़ित दुकानदार ने न्याय की गुहार लगाते हुए सीधे पुलिस अधीक्षक (एसपी) को शिकायत पत्र सौंपा है।
दुकान में जबरन घुसकर की तोड़फोड़ और मारपीट
राम जानकी मंदिर बुधवारी के पास ‘एम. जीनियस कम्प्यूटर सेंटर’ संचालित करने वाले पीड़ित अमन सोनी (पिता मनोहर लाल) ने बताया कि बुधवारी बाजार का ही रहने वाला कैलाश अग्रवाल अचानक उनकी दुकान में जबरन घुस आया। पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए आरोपी कैलाश ने दुकान के काउंटर (डेस्क) का कांच तोड़ दिया। इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा, तो उसने रिपेयरिंग के लिए आए ग्राहकों के 2 कीमती लैपटॉप उठाकर जमीन पर पटक दिए, जिससे वे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दुकान में पसरी दहशत:
पीड़ित का आरोप है कि तोड़फोड़ के दौरान आरोपी ने सरेराह अश्लील गालियां दीं, धक्का-मुक्की कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। इस अचानक हुए हमले और हंगामे से दुकान में मौजूद कर्मचारी और ग्राहक बुरी तरह सहम गए।
चेक बाउंस का केस वापस लेने का बनाया जा रहा दबाव
शिकायत पत्र में पीड़ित अमन सोनी ने घटना के पीछे की मुख्य वजह का भी खुलासा किया है। अमन के मुताबिक, आरोपी कैलाश अग्रवाल के बेटे अक्षत अग्रवाल के खिलाफ उनका एक चेक बाउंस का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोपी इसी अदालती केस को जबरन वापस लेने का दबाव बना रहा है और इसी उद्देश्य से उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल: कल आने की बात कहकर टाला
घटना के तुरंत बाद पीड़ित न्याय की उम्मीद में सीएसईबी पुलिस चौकी पहुंचा था। अमन सोनी का आरोप है कि उन्होंने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाने के बजाय उन्हें अगले दिन आने की बात कहकर टाल दिया। पुलिस के इसी ठंडे रवैये से परेशान होकर पीड़ित को एसपी कार्यालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
पीड़ित दुकानदार ने एसपी से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपी कैलाश अग्रवाल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।