रायपुर : प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए राहत की खबर है ! शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तारीखों में टकराव की स्थिति बनने के बाद अब पुलिस भर्ती परीक्षा की तारीख बदल दी गई है। सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 अब 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। पहले यह परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर को प्रस्तावित थी।
25 अक्टूबर को दोनों परीक्षाओं की तारीख टकरा रही थी
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत आयोजित सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की तिथियां निर्धारित की गई थीं।
इसी दौरान 25 अक्टूबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी आयोजित होने की स्थिति बनी। ऐसे में दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई थी। एक ही तारीख पर परीक्षा होने के कारण उम्मीदवारों को किसी एक परीक्षा में शामिल होने का विकल्प चुनना पड़ सकता था।
अभ्यर्थियों की परेशानी पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
परीक्षा की तारीखों में टकराव की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संज्ञान में आई। युवाओं की परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संबंधित स्तर पर आवश्यक समन्वय करते हुए समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा की पूर्व निर्धारित तारीखों में संशोधन किया है। आयोग द्वारा जारी नई तारीखों के अनुसार अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
दोनों परीक्षाओं में शामिल होने का मिला मौका
परीक्षा की तारीख बदलने से उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जो पुलिस भर्ती के साथ शिक्षक भर्ती परीक्षा में भी शामिल होना चाहते हैं। अब दोनों परीक्षाओं की तारीखों में टकराव नहीं रहेगा और उम्मीदवार अपनी तैयारी के अनुसार दोनों परीक्षाओं में शामिल हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं का हित राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं। ऐसे में केवल परीक्षा की तारीखों के टकराव के कारण कोई पात्र युवा किसी अवसर से वंचित न हो, यह सुनिश्चित करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील है और उनके भविष्य से जुड़े विषयों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए तत्पर है।
ऑनलाइन आवेदन को लेकर आयोग देगा जानकारी
मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों को पृथक से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करना होगा। आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी निर्देशों के संबंध में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा विस्तृत सूचना अलग से जारी की जाएगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।
एक नजर में परीक्षा की नई तारीख
परीक्षा : सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024
पुरानी तारीख : 24, 25 एवं 26 अक्टूबर 2026
नई तारीख : 2, 3 एवं 4 नवंबर 2026
तारीख बदलने की वजह : 25 अक्टूबर को प्रस्तावित शिक्षक भर्ती परीक्षा से परीक्षा की तारीख का टकराव