
कटघोरा / छुरी / सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ । कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सलोरा बकरा बाजार छुरी में शनिवार को एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। सब-स्टेशन के पीछे खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर अचानक आकाशीय बिजली (गाज) गिर गई। इस हादसे में गंभीर रूप से झुलसे तीन ग्रामीणों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
खेत में काम कर रहे थे 25 से 30 ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में लगभग 25 से 30 लोग काम (छुरी लगाने) में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ा और तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे खेत की मेढ़ (पार) पर आ गिरी।
मृतकों की पहचान:
गाज की चपेट में आने से छुरी निवासी तीन ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए थे:
- बहोरन पाटले (निवासी: छुरी)
- लक्ष्मी चंद पाटले (निवासी: छुरी)
- श्याम साहू (निवासी: छुरी)
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, पुलिस जांच में जुटी
बिजली गिरते ही खेत में मौजूद अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से तीनों झुलसे लोगों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर कटघोरा थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर शवों का पंचनामा तैयार किया। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुट गई है। एक साथ तीन ग्रामीणों की असामयिक मौत से छुरी और आसपास के गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है।