ग्राम घुमानीडांड में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ एकादशी देवउठनी कार्यक्रम

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम घुमानीडांड स्थित गोंडवाना पेनठाना स्थल में एकादशी देवउठनी समारोह श्रद्धा, उत्साह एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के सामाजिक प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे तथा शिक्षा के महत्व का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 6 बजे विधिवत पूजा-अर्चना एवं पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। इसके पश्चात शाम 7 बजे से बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं आमंत्रित अतिथियों के संबोधन का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। बच्चों एवं कलाकारों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आदिवासी संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक अस्मिता की सुंदर झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सदस्य श्री पवन सिंह पोया उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ शिक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है। शिक्षित युवा पीढ़ी ही समाज को जागरूक, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

वहीं, अति विशिष्ट अतिथि के रूप में गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन (GSU) छत्तीसगढ़ के प्रदेश महासचिव श्री अनिल पोया उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की आधारशिला है। समाज के समग्र विकास एवं मजबूती के लिए शिक्षा को सर्वोपरि रखते हुए बच्चों और युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करना आवश्यक है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री जोशी लाल मरपच्ची ने की। समारोह में पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं सामूहिक सहभागिता के माध्यम से आदिवासी संस्कृति, सामाजिक एकता तथा सांस्कृतिक अस्मिता का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिला।

इस अवसर पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला संगठन मंत्री श्री विनोद कुमार अरमो, गोंगपा युवा मोर्चा पसान के ब्लॉक अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह कुसरो, ग्राम पंचायत घुमानीडांड के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि श्री सोहन सिंह श्रोते, ग्राम पंचायत अमलीकुंडा के सरपंच प्रतिनिधि श्री शिवकुमार श्याम, ग्राम पंचायत घुमानीडांड के रोजगार सहायक श्री सुखराम सिंह पुलस्त, डॉ. मंगल सिंह श्रोते, श्री गंगा सिंह पुलस्त, श्री पंचम सिंह नेटी, श्री राजपाल सिंह पोया, श्री शिवप्रसाद श्रोते, श्री सुबरन सिंह आयम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।