रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 22 IAS अधिकारियों और एक IFS अधिकारी की नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है। इस फेरबदल में छह जिलों की प्रशासनिक कमान बदली गई है। कई अधिकारियों को मंत्रालय और विभागों में भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सरकार के इस बदलाव के बाद गरियाबंद, कांकेर, मुंगेली, सक्ती, कबीरधाम और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में नए कलेक्टर जिम्मेदारी संभालेंगे।
रणबीर शर्मा
कुंदन कुमार
अमृत विकास तोपनो
जयश्री जैन
तुलिका प्रजापति
तनुजा सलाम
गरियाबंद में रणबीर शर्मा की एंट्री
संचालक, समाज कल्याण के पद पर पदस्थ रणबीर शर्मा को गरियाबंद का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं वर्तमान कलेक्टर भगवान सिंह उइके को सामान्य प्रशासन विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांकेर की कमान अब कुंदन कुमार के पास
मुंगेली के कलेक्टर कुंदन कुमार को कांकेर जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं कांकेर के कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर को संचालक, नगरीय शासन एवं विकास की जिम्मेदारी दी गई है।
मुंगेली में अमृत विकास तोपनो
सक्ती के कलेक्टर अमृत विकास तोपनो को मुंगेली का कलेक्टर बनाया गया है। यानी सक्ती से मुंगेली और मुंगेली से कांकेर तक कलेक्टरों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
सक्ती को मिली जयश्री जैन की जिम्मेदारी
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की संयुक्त सचिव जयश्री जैन को सक्ती जिले की नई कलेक्टर बनाया गया है। इस बदलाव के साथ सक्ती जिले में प्रशासनिक नेतृत्व का चेहरा बदल गया है।
कबीरधाम में तुलिका प्रजापति
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की कलेक्टर तुलिका प्रजापति को कबीरधाम जिले की कमान सौंपी गई है। वहीं कबीरधाम के कलेक्टर गोपाल वर्मा को संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में तनुजा सलाम
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का नया कलेक्टर बनाया गया है। अब जिले की प्रशासनिक कमान उनके हाथों में होगी।
सिर्फ कलेक्टर ही नहीं बदले
सरकार के आदेश में जिलों के कलेक्टरों के अलावा मंत्रालय और विभिन्न विभागों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। नगरीय प्रशासन, समाज कल्याण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, खेल एवं युवा कल्याण सहित कई विभाग इस फेरबदल से प्रभावित हुए हैं।
नगरीय प्रशासन में भी बड़ा बदलाव
सोनमणि बोरा को प्रमुख सचिव, नगरीय शासन एवं विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
वहीं अन्य अधिकारियों को सचिव, संयुक्त सचिव, संचालक और विभिन्न प्रशासनिक पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
IFS अधिकारी की सेवाएं मूल विभाग को वापस
तबादला आदेश में IFS अधिकारी विवेक आचार्य की सेवाएं उनके पैतृक विभाग वन विभाग को तत्काल प्रभाव से वापस किए जाने का भी उल्लेख है।
18 अगस्त को जारी हुआ आदेश
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के बाद अब संबंधित अधिकारी नई जिम्मेदारियों के साथ प्रशासनिक कामकाज संभालेंगे। छह जिलों में कलेक्टर बदलने के साथ यह फेरबदल राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।