अटल परिसर में 3 सूत्रीय मांगों को लेकर जनहित आंदोलन शुरू: 11 से 14 अगस्त तक धरना, मांगें पूरी न होने पर 15 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी

कटघोरा / सेंट्रल छत्तीसगढ़: शासन-प्रशासन की उदासीनता और स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ‘मूल निवासी किसान संघ छत्तीसगढ़’ के तत्वावधान में कटघोरा के अटल परिसर में जनहित आंदोलन शुरू कर दिया गया है। किसान संघ से जुड़े प्रतिनिधि लाल बहादुर कोर्राम 11 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक रोजाना सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक 4 दिवसीय धरने पर बैठे हैं।

आंदोलनकारी की मुख्य 3 सूत्रीय मांगें:

  1. घूमंतू मवेशियों पर नियंत्रण: नगर के प्रमुख मार्गों पर घूम रहे आवारा और घूमंतू पशुधन की समस्या से मुक्ति दिलाई जाए।
  2. CCTV से निगरानी: कटघोरा यात्री प्रतीक्षालय (बस स्टैंड) में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाए जाएं।
  3. 24 घंटे शौचालय सुविधा: बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय को 24 घंटे आम जनता के लिए खुला रखा जाए।

15 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का ऐलान

धरना स्थल पर लगाए गए बैनर और आंदोलनकारी लाल बहादुर कोर्राम के अनुसार, यदि प्रशासन 14 अगस्त तक इन 3 मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाता है, तो 15 अगस्त 2026 को प्रातः 10:00 बजे से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

​प्रदर्शनकारी का कहना है कि यह आंदोलन पूरी तरह से शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और जनहित से जुड़ा हुआ है। प्रशासन की अनदेखी के कारण नगरवासियों और यात्रियों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे क्षुब्ध होकर अब उग्र आंदोलन की राह चुननी पड़ी है।