बिलासपुर: बाइक और एम्बुलेंस की भिड़ंत, बाइक सवार की मौत

सिर पर चोट लगने के कारण मौत होना बताया जा रहा है। हादसे के दौरान बाइक चालक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। - Dainik Bhaskar

बिलासपुर (सेंट्रल छत्तीसगढ़) :- बिलासपुर में लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे सिम्स में भर्ती कराया गया है। जांजगीर से दोनों युवक बाइक पर शुक्रवार को बिलासपुर आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार एंबुलेंस ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था और सिर पर गंभीर चोट लगने से देर रात उसने दम तोड़ दिया। हादसा तोरवा थाना क्षेत्र के ढेका के पास हुआ।

जानकारी के मुताबिक, जांजगीर के मूलमुला क्षेत्र के परसदा निवासी संतोष भोई (45) अपने साथी रमेश पटेल के साथ बाइक पर बिलासपुर आ रहा था। अभी वे ग्राम ढेका के घोरे ट्रांसपोर्ट के पास पहुचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस से उन्हें टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों घायलों को सिम्स में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान सिर पर गंभीर चोट लगने से संतोष ने दम तोड़ दिया। जबकि उसके साथी का उपचार चल रहा है।

एंबुलेंस चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया
पुलिस ने हादसे के बाद एंबुलेंस जब्त कर ली है। वहीं चालक शहजाद को भी हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि संतोष के शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। हालांकि सिर पर चोट लगने के कारण ही उसकी मौत होना बताया जा रहा है। हादसे के दौरान संतोष ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। फिलहाल इस संबंध में संतोष के भाई ने FIR दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।