दिसंबर तक पूरे होंगे लंबित निर्माण कार्य, लापरवाह ठेकेदारों पर गिरेगी गाज ! PWD सचिव मुकेश बंसल ने दिए सख्त निर्देश, दीपावली से पहले श्रमिकों को मजदूरी भुगतान अनिवार्य, बारिश में रुके कार्य जल्द होंगे शुरू

रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को समय-सीमा में पूरा कराने के लिए सख्त रुख अपनाया है। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने राजनांदगांव में निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि पुराने और लंबित निर्माण कार्यों को आगामी दिसंबर तक अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। वहीं, गुणवत्ताहीन काम करने और निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए।

सड़कों से लेकर भवनों तक काम में तेजी लाने पर जोर

समीक्षा बैठक में राजनांदगांव जिले में स्वीकृत, निर्माणाधीन और लंबित सड़कों, पुल-पुलियों तथा भवन निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। बारिश के कारण रुके निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने और काम की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सचिव ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तय समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने तथा तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।

लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई

PWD सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित मापदंडों के अनुरूप काम नहीं करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा जिन कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है, उनके कारणों का पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

दीपावली से पहले श्रमिकों को मजदूरी देने के निर्देश

बैठक में श्रमिकों के भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में लगे सभी श्रमिकों को दीपावली से पहले मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और भुगतान की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी

सचिव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्य सीधे तौर पर नागरिक सुविधाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े हैं। इसलिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम करें। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ विभागीय समन्वय बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

समीक्षा बैठक में राजनांदगांव कलेक्टर जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुर्गा प्रसाद अधिकारी और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।