हॉकी के मैदान में न्यायधानी नाइट्स का जलवा, राजधानी रॉयल्स को हराकर जीत से खोला खाता, पहले मुकाबले में 2-1 से मिली जीत, महिला मैच में इंद्रावती टाइग्रेस ने भी दिखाया दम

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले ही मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार खेल दिखाते हुए राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हरा दिया। रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। हालांकि, न्यायधानी नाइट्स ने शुरुआती बढ़त हासिल करने के बाद अपनी पकड़ बनाए रखी और जीत अपने नाम कर ली।

पहले गोल से बना दबाव, केतन ने बढ़ाई बढ़त

मैच के 12वें मिनट में चिराग ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर न्यायधानी नाइट्स को 1-0 से आगे कर दिया। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में केतन कुशवाहा ने बेहतरीन मैदानी गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। दो गोल से पिछड़ने के बाद राजधानी रॉयल्स ने वापसी की कोशिश की और रौशन ने टीम के लिए गोल किया, लेकिन बराबरी का गोल नहीं हो सका।

राजधानी रॉयल्स की अगुवाई ओलंपियन ललित उपाध्याय कर रहे थे, जबकि न्यायधानी नाइट्स की टीम ओलंपियन सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में मैदान पर उतरी। न्यायधानी की रक्षापंक्ति ने कई अहम मौकों पर विपक्षी हमलों को रोका। पूरे मुकाबले में केतन कुशवाहा का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। उन्हें ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

महिला मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने मारी बाजी

लीग के दौरान खेले गए महिला प्रदर्शनी मैच में इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराया। कप्तान आंचल साहू ने दो गोल कर जीत में अहम भूमिका निभाई। लीना कोरसे और ममतेश्वरी लहरे ने भी एक-एक गोल किया। महानदी फाल्कन्स की ओर से रिया खलखो ने एकमात्र गोल दागा।

इंद्रावती टाइग्रेस ने गेंद पर बेहतर नियंत्रण और लगातार आक्रामक प्रयासों के दम पर मुकाबले में बढ़त बनाए रखी।

छह टीमें खिताब के लिए मैदान में

छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला संस्करण 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर में खेला जा रहा है। प्रतियोगिता में राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस सहित छह टीमें हिस्सा ले रही हैं।

लीग का मकसद प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का अनुभव देना, प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना और राज्य में हॉकी के खेल को मजबूत बनाना है। ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ के संदेश के साथ यह प्रतियोगिता प्रदेश में हॉकी के प्रति उत्साह बढ़ाने की दिशा में अहम पहल है।

आज फिर होंगे दो मुकाबले

शुक्रवार, 23 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे मैनपाट टाइटंस और बैलाडीला बुल्स के बीच मुकाबला होगा। वहीं शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियंस और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की टीमें आमने-सामने होंगी।