
कोरबा/कटघोरा / सेन्ट्रल छत्तीसगढ़। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन शर्मा के अनुज (छोटे भाई) स्वर्गीय शिव शर्मा के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त करने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का तांता लगा रहा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल और पूर्व विधायक मोहित राम केरकेट्टा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पवन शर्मा के गृह निवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से भेंट की तथा दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि स्वर्गीय शिव शर्मा का निधन 26 सितंबर को हो गया था। पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों एवं व्यस्तताओं के चलते वरिष्ठ नेतागण उनके पगड़ी रस्म के कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो सके थे। इसी क्रम में आज जब सभी वरिष्ठ नेता चैतुरगढ़ (माँ महिषासुर मर्दिनी) के पावन दर्शन कर कोरबा लौट रहे थे, तब वापसी के दौरान वे सीधे कांग्रेस नेता पवन शर्मा के निवास पर पहुंचे।
शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढस
पवन शर्मा के निवास पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और सांसद ज्योत्सना महंत ने स्वर्गीय शिव शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके उपरांत सभी नेताओं ने पवन शर्मा एवं उनके परिजनों के साथ बैठकर गहन शोक संवेदना व्यक्त की। डॉ. महंत ने ढांढस बंधाते हुए कहा कि परिवार के किसी प्रियजन का असामयिक चले जाना असहनीय और अपूरणीय क्षति होती है, लेकिन ईश्वर की इच्छा के आगे मनुष्य विवश है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक में डूबे परिजनों को इस गहरे दुःख को सहन करने का संबल और साहस प्रदान करें।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भी अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि दुख की इस विकट घड़ी में पूरी कांग्रेस पार्टी और साथी कार्यकर्ता पवन शर्मा व उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।
प्रमुख जनप्रतिनिधि व कांग्रेस पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस दौरान श्रद्धांजलि देने पहुंचे प्रमुख नेताओं में कोरबा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान, सूरज महंत, ब्लॉक अध्यक्ष अशरफ मेमन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत शिव शर्मा की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।