
कटघोरा। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व की महानवमी पर नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के नेतृत्व में धार्मिक उत्साह और सेवा भाव का अनुपम दृश्य देखने को मिला। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पंडालों में पहुंचकर जगतजननी मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली का आशीर्वाद मांगा।
इसके पश्चात नगर के वार्ड क्रमांक 8, मोहनभाठा में सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में भव्य भोग भंडारे का आयोजन किया गया। इस महाभंडारे के मुख्य आयोजक नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल रहे, जहां पूरे वार्ड और नगर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे।

समिति ने किया जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत
कार्यक्रम स्थल पर विधायक प्रेमचंद पटेल एवं नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के आगमन पर सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति द्वारा उनका आत्मीय व भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान समिति के प्रमुख जनों और पदाधिकारियों में शामिल महाराज देव कुमार दुबे, जे.एस. मानसर, राजेश जायसवाल, नागेश्वर शुक्ला, जितेंद्र गुप्ता सहित समिति के सभी सक्रिय सदस्यों ने माल्यार्पण कर अतिथियों का अभिनंदन किया और आयोजन को सफल बनाने में अपना सक्रिय योगदान दिया।
विधायक और अध्यक्ष ने स्वयं परोसा महाप्रसाद
पूजा-अर्चना और स्वागत उपरांत विधायक प्रेमचंद पटेल और पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने स्वयं अपने हाथों से श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया। जनप्रतिनिधियों को अपने बीच पाकर और उनके हाथों से प्रसाद ग्रहण कर नगरवासियों में खासा उत्साह देखा गया। भंडारे में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर माता रानी का भोग ग्रहण किया।
नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने इस अवसर पर कहा कि मां दुर्गा की सेवा और जनसेवा से बड़ा कोई पुनीत कार्य नहीं है। नवरात्रि का यह पावन पर्व हमें आपसी भाईचारे, समरसता और सेवा का संदेश देता है। वहीं विधायक प्रेमचंद पटेल ने सफल आयोजन के लिए नगर पालिका अध्यक्ष और समिति के सभी सदस्यों की सराहना करते हुए क्षेत्रवासियों को नवमी पर्व की शुभकामनाएं दीं।