पोड़ी उपरोड़ा में गोमांस रखने की सूचना पर हड़कंप: हिंदू संगठनों की शिकायत पर बांगो पुलिस ने मारा छापा, संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

पोड़ी उपरोड़ा/सेन्ट्रल छत्तीसगढ़: बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक कार्यालय के समीप गोमांस काटे जाने और घर में रखे जाने की सूचना पर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। मामले की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर संदेही को हिरासत में ले लिया है।

हिंदू संगठनों की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई जानकारी के अनुसार, ब्लॉक कार्यालय के पास स्थित विजय नामक व्यक्ति के घर में गोमांस काटे जाने और रखे जाने की भनक बजरंग दल, हिंदू क्रांति सेना एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं को लगी। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि संदेही व्यक्ति पूर्व से ही गोमांस बेचने और खाने के काम में संलिप्त रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संगठनों के पदाधिकारियों ने तत्काल बांगो थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।

मौके पर पहुंची टीम, जांच जारी शिकायत मिलते ही बांगो पुलिस बल हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचा और संदेही के घर की तलाशी ली। पुलिस ने संदिग्ध सामग्री जब्त कर जांच के लिए भेज दी है। इसके साथ ही आरोपी विजय को हिरासत में लेकर बांगो थाने लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का बयान बांगो पुलिस का कहना है कि सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। मामले में वैधानिक जांच की जा रही है और पूछताछ व फॉरेंसिक पुष्टि के बाद विधि सम्मत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।