कटघोरा। ग्राम बरबसपुर में रेलवे की पटरियों की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक मकान में किराए से रह रहे लोगों द्वारा कथित तौर पर चोरी की गई रेलवे पटरियों को घर के अंदर ही गैस कटर से काटकर छोटे-छोटे टुकड़ों में तैयार किया जा रहा था। ग्रामीणों की सूचना के बाद जटगा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बरबसपुर में अस्थिरदास के मकान में कुछ लोग किराए पर रह रहे थे। आरोप है कि इनके द्वारा रेलवे की पटरियां चोरी कर मकान के अंदर गैस कटर की मदद से करीब 12 फीट के टुकड़ों में काटकर 32 नग तैयार किए जा रहे थे। मौके पर पटरियों को पीले त्रिपाल से ढककर रखा गया था।

ग्रामीणों की नजर जब सुबह चोरी के सामान पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल जटगा चौकी और डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी भीमसेन यादव पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके से गैस कटर और सिलेंडर बरामद
पुलिस ने मौके से कटी हुई रेलवे पटरियां, 4 गैस सिलेंडर, गैस कटर सहित अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा मकान के बाहर खड़े मजदा वाहन क्रमांक CG 12 AP 0702 को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया है। मौके की स्थिति से पटरियों को हाल ही में गैस कटर से काटे जाने की बात सामने आ रही है।

आरोपी किराएदार मौके से फरार
पुलिस के पहुंचने से पहले ही मकान में किराए पर रहने वाले आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सामान की जप्ती कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। रेलवे की संपत्ति कहां से चोरी की गई और इसमें कितने लोग शामिल हैं, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल जटगा चौकी पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
